अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। प्रधानमंत्री आवास योजना के सदस्य रामचंद्र गुप्ता ने योजना के तहत दिए जाने वाले हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट्स का ग्लोबल स्पेस सोसायटी में जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान रामचंद्र गुप्ता ने फ्लैट्स से संबंधित दी जाने वाली सुविधाओं बिजली, पानी, सीवरेज एवं सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं का मुआयना किया और सोसायटी के कर्मचारियों से इसकी जानकारी ली। उन्होंने वहां रह रहे कुछ परिवारों से भी इस बारे में बात की। गुप्ता ने बताया कि हिसार शहर में कुल 649 फ्लैट्स फिलहाल इस योजना के तहत आवंटित किए जाएंगे। जिन लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहले से आवास के लिए आवेदन किया हुआ है, वे 14 सितंबर तक हाउसिंग बोर्ड कार्यालय से नया फार्म लेकर इन फ्लैट्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदक पीला कार्ड धारक होना चाहिए या फिर आवेदक की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। इन फ्लैट्स का आवंटन ड्रा द्वारा किया जाएगा। रामचंद्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार 2022 तक हर भारतीय को अपना आवास उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित है। इस दौरान उनके साथ भाजपा कला व सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरीश चौधरी, पार्टी कार्यकर्ता संदीप कुमार, बलवान सोनी सहित आवेदक भी उपस्थित रहे।