एक युवती से 10 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। योग नगर निवासी एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बंगलूरू की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करती है। उसने बताया कि उसकी वैवाहिक पोर्टल के माध्यम से लुधियाना निवासी एकजोत नामक युवक से जुलाई 2019 को दोस्ती हुई। इस दौरान लंबे समय तक उनके बीच आपस में संपर्क रहा, बात होती रही। पीड़िता ने बताया कि इसी बीच एक दिन एकजोत ने अपनी माता के बीमार होने व उनके अस्पताल में दाखिल होने की बात कहकर उससे 10 लाख रुपये मांगे। पीड़िता ने बताया कि उसने उसकी मदद के लिए 10 लाख रुपये दे दिए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी ने उसे झूठ बोलकर ये रकम अपने खाते में डलवाई और आरोपी युवक एकजोत पहले से शादीशुदा भी था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसने एकजोत से रुपये लौटाने की बात कही तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।