गुड़गांव। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और हरियाणा रोडवेज के बीच समझौता नहीं होने की वजह से वॉल्वो के पहिये अभी कुछ दिन और थमे रहेंगे।
गुड़गांव डिपो के वॉल्वो इंचार्ज वीरेंद्र सिंह ने बताया कि काले शीशे की वजह से चंडीगढ़ जाने वाली सभी वॉल्वो बसों का संचालन बंद करना पड़ा था। हालांकि परिवहन विभाग ने शीशे बदलने की कवायद शुरू कर दी है, लेकिन इसमें वक्त लगेगा। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस से संपर्क साधा गया था कि वह कुछ दिन वॉल्वो के प्रवेश को अनुमति प्रदान करे। इस संबंध में समझौता नहीं होने की वजह से यह फैसला लिया गया है कि काले शीशे बदलने के बाद ही दुबारा से संचालन शुरू किया जाए। वर्तमान में एक बस के शीशे बदल दिए गए हैं। यह वॉल्वो बस सुबह छह बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना की जा रही है। उधर, वर्तमान में आगरा के लिए भी वॉल्वो बस चला दी गई है। यह बस सुबह सात बजकर 15 मिनट पर गुड़गांव से रवाना होगी और आगरा से साढ़े 12 बजे इसकी वापसी है। चूंकि आगरा के लिए दिल्ली जाने की जरूरत नहीं, लिहाजा इस बस के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है।