हरियाणा में फतेहाबाद में नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल में अपने प्रेमी से मिलने आई छात्रा की होटल के कमरे में संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने छात्रा के परिजनों की शिकायत पर छात्रा के प्रेमी, होटल मैनेजर और होटल मालिक के खिलाफ गैंगरेप और हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उक्त होटल के कमरा नंबर 105 में सिरसा जिले की एक लड़की शनिवार को रहने के लिए पहुंची थी। युवती सिरसा के ही एक कालेज में बीए की छात्रा थी। वह अपने दोस्त मनजीत बैनीवाल से मिलने आई थी।
युवती जब होटल पहुंची तब होटल मालिक पवन फूटेला, उसका दोस्त रिंकू मदान व मैनेजर सुशील कुमार निवासी गांव भडौलावाली कमरे में बैठे बीयर पी रहे थे।
दोपहर करीब एक बजे छात्रा ने फोन करके अपने प्रेमी को बुलाया। उसका प्रेमी जब कमरे में पहुंचा तो युवती बाथरूम में अचेत पड़ी थी। मनजीत, होटल मालिक पवन फूटेला व मैनेजर सुशील कुमार युवती को उठाकर सिविल अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव की हालत से पुलिस को शक हो गया था कि छात्रा से सामूहिक दुराचार के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। फोरेंसिक टीम का मानना है कि छात्रा की हत्या गला दबाकर की गई है।
इसके बाद पुलिस ने होटल में दबिश दी। थाना प्रभारी गौरव शर्मा व फोरेंसिक टीम के इंचार्ज डा. जोगेन्द्र सिंह ने कमरे में जांच की और वहां से बीयर की खाली बोतलें व अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया और मौके पर ही होटल मालिक पवन फूटेला, लड़की के प्रेमी मनजीत व टिंकू मदान को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक विकास धनखड़ ने देर शाम अमर उजाला को बताया कि युवती का मनजीत के साथ चार साल से प्रेम प्रसंग था। मनजीत ने पूछताछ में बताया कि युवती उस पर दवाब डाल रही थी कि वह उससे शादी करे अन्यथा वह जहर खाकर जान दे देगी। बयान के आधार पर प्रथम दृष्टा मामला आत्महत्या का बनता है लेकिन मौत के संदिग्ध हालात को देखते हुए आरोपी के बयान पर विश्वास नहीं किया जा सकता।
एसपी ने बताया कि लड़की के परिजनों के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ धारा 376जी और 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।