फतेहाबाद। फतेहाबाद के परशुराम चौक पर तेज रफ्तार से कार चला रहे कार चालक ने पहले बाइक पर सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी और इसके बाद सतीश कॉलोनी वाली गली में कार भगा ली। यहां पर भी उन्होंने सड़क पर खड़े दो बाइकों को टक्कर मार दी और कार अनियंत्रित होकर एक दुकान के पिल्लर से जा टकराई। हादसे के बाद एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घायल भाई-बहन को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने युवकों की कार को भी जब्त कर लिया है। कार में सवार दोनों युवक नशे में बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के परशुराम चौक पर शनिवार शाम को तेज गति से स्विफट कार चला रहे कार चालक ने बाइक पर सवार बलवान सिंह निवासी गांव भरपूर की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बलवान सिंह व बाइक के पीछे बैठी उसकी बहन घायल हो गई। जब वहां ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने कार चालक को कार रोकने को कहा तो उसने कार की स्पीड बढ़ा दी और सतीश कॉलोनी वाली गली में कार को तेज गति से घुसा दिया। यहां पर कार चालक ने सड़क पर खड़ी दो और बाइकों को भी टक्कर मारी।
इस दौरान सामने से स्कूटी पर आ रही महिला को देखकर कार चालक ने कार के ब्रेक लगा दिए और कार सतीश कॉलोनी में एक दुकान के पिल्लर से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने मामले की सूचना डायल 112 को दी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार में सवार अन्य युवक को हिरासत में ले लिया है। वहीं कार को भी जब्त कर लिया। हादसे में घायल भाई-बहन को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल बलवान ने बताया कि वह बीघड़ रोड पर अपने जीजा से मिलकर बहन के साथ गांव वापिस जा रहा था। परशुराम चौक पर कार चालक ने उनको टक्कर मार दी, कार की स्पीड काफी तेज थी। कार में सवार युवकों की पहचान दिनेश व सौरव निवासी ढिंगसरा के रूप में हुई है। कार दिनेश के नाम थी और इसे उसका दोस्त सौरव चला रहा था।
कार व एक युवक को राऊंड अप कर लिया गया है। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है, शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजपाल सिंह, शहर थाना प्रभारी, फतेहाबाद।