फतेहाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा भोडिया खेड़ा स्थित स्टेडियम में रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में युवाओं ने दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उपायुक्त जगदीश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। उपायुक्त ने युवाओं को राष्ट्रीय की एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।
शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल महान देश भक्त और स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने भारत की 560 से अधिक रियासतों को समाप्त कर देश को एकता को सूत्र में पिरोया। वे देश के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री बने और राष्ट्र को एक नई दिशा दी। वे निडर और साहसी थे। उनके द्वारा देश को दिए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि गुजरात के नर्मदा जिले में सरदार सरोवर बांध पर उनकी आदमकद प्रतिमा से स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण करवाया गया है, जो कि देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान व योगदान तथा अपने इतिहास को कभी नहीं भूलना चाहिए। इसके साथ-साथ हमें स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी सतविंद्र गिल ने बताया कि सोमवार को मैराथन भोडिया खेड़ा स्टेडियम से शुरू हुई, जो हंस कॉलोनी, बाईपास ढींगड़ा चौक, भट्टू रोड व भगवान दास कॉलोनी होते हुए अग्रवाल कॉलोनी व अंजलि कॉलोनी से वापस होकर भोडिया खेड़ा स्टेडियम में संपन्न हुई। इस दौरान एथलेटिक कोच सुंदर सिंह व सूबे सिंह, बास्केट बॉल कोच मोहित, हॉकी कोच राजबाला व बिजेंद्र सभी खेल प्रशिक्षक व खिलाड़ियों ने भाग लिया।