फतेहाबाद। गांव बनमंदोरी निवासी पूजा की मौत के मामले में परिवार ने लघु सचिवालय में पहुंच कर भट्टू कलां पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
वहीं, साथ ही परिवार ने भट्टू कलां निवासी एक युवक पर उसकी हत्या कर नहर में फेंकने का आरोप भी लगाया है। लघु सचिवालय पहुंचे मृतक पूजा के परिजनों ने बताया कि पूजा 30 सितंबर को रोजाना की तरह घर से कॉलेज आने के लिए निकली थी। मृतक पूजा भट्टूकलां कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा थी। कॉलेज से निकलकर पूजा भट्टू कलां बस स्टैंड पर पहुंची थी।
30 सितंबर की दोपहर को गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में उसकी फोटो वायरल होने लगी, जिसके बाद उनके पास किसी राहगीर का फोन आया कि बेटी की लाश गांव पीलीमंदोरी के पास स्थित नहर से मिली है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उनकी बेटी के शव को कब्जे में ले लिया था। पुलिस कर्मचारी ने उन्हें बयान दर्ज करवाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने अपने बयान सुबह दर्ज करवाने की बात कही। अगले दिन सुबह जब वे पुलिस के पास पहुंचे तो उन्होंने इत्तफाकिया कार्रवाई कर पूजा का शव हमें दे दिया।
पूजा की मौत के मामले के बारे में पता चला कि जिस दिन पूजा की लाश नहर से मिली है, उस दिन पूजा की बात भट्टू कलां निवासी युवक से हो रही थी। वह युवक काफी समय से पूजा के संपर्क में था। उस युवक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हमने 3 अक्तूबर को पुलिस को शिकायत दी। भट्टू कलां पुलिस ने कहा कि इस शिकायत पर हस्ताक्षर कर दो, कार्रवाई हो जाएगी। मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद वे कार्रवाई के लिए 15 अक्तूबर को डीएसपी से मिले थे। लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसलिए वे शुक्रवार को एसपी को आरोपी के खिलाफ शिकायत देने पहुंचे। वे पुलिस को कार्रवाई करने के लिए तीन दिनों का समय देते हैं, अगर फिर भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तो वे उसके बाद भट्टू कलां थाने का घेराव कर धरने पर बैठेंगे।