भट्टूकलां। गांव ढिंगसरा के समीप मोटर साइकिल व ट्रैक्टर की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वीरवार देर सांय गांव ढ़िंगसरा निवासी करीब 20 वर्षीय सुशील कुमार भट्टूकलां से मोटर साइकिल पर सवार होकर अपने गांव ढ़िंगसरा जा रहा था कि रास्ते में एनएमसी स्कूल के समीप लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटरसाइकिल टकरा गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने माता पिता का इकलौता बेटा था तथा भट्टूकलां में इलेक्ट्रिक वर्क्स की दुकान करता था और अविवाहित था। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई रामचंद्र के ब्यान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद