टोहाना। शहर की बेगमपुरा कॉलोनी के रहने वाले एक युवा ने बाइक सवार तीन लड़कों पर उसके साथ मारपीट करने, चांदी की चेन, मोबाइल व नकदी छीनकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में दीपक कुमार ने बताया कि उसका एक जुलाई को अपने दोस्त प्रदीप के साथ पेपर था दिल्ली में पुलिस का सिपाही भर्ती का पेपर देने जाना था। 30 जून की रात 1:40 बजे वह प्रदीप और उसके भाई गगन के साथ स्टेशन की तरफ जा रहे थे। उस समय प्रदीप बाइक चला रहा था जब वे केएम स्कूल के पास आया तो मोटरसाइकिल सवार तीन लड़के उसके पीछे लग गए। उसने बताया कि अपने चाचा गुरमीत सिंह को फोन करके यह बात बताई, इतने में तीनों ने अपनी बाइक उनकी बाइक के आगे लगाकर हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान प्रदीप व उसका भाई वहां से भाग गए लेकिन उसे आरोपियों ने पकड़ लिया और डंडे से पीटा। उसने बताया कि आरोपी उसका मोबाइल, चांदी की 7 तोले की चैन व जेब से तीन हजार की नकदी छीनकर ले गए। उसके चाचा ने साधन का इंतजाम कर अस्पताल ले गए जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद