फतेहाबाद। गांव भोडियाखेड़ा में नहर पुल के पास एक बाइक सवार युवक को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने 25 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम पुलिस उपस्थिति दिवस की ड्यूटी के लिए फतेहाबाद से भट्टू की ओर जा रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने गांव भोडियाखेड़ा में नहर पुल के समीप किनारे पर एक बिना नंबर प्लेट के बाइक पर सवार युवक को देखा। पुलिस टीम को देख बाइक सवार युवक भागने की कोशिश करने लगा जिस पर पुलिस टीम ने उसे काबू करके पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान गांव भोडियाखेड़ा निवासी ताय्यब उर्फ ताईबो के तौर पर बताई। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। संवाद