टोहाना। सीआईए पुलिस की टीम ने मोटरसाइकिल सवार पंजाब के एक युवक को नशे की 1780 गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के गांव रामपुरा गुरजान निवासी जयपाल के रूप में हुई है। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार सीआईए पुलिस की टीम रोहताश कुमार के नेतृत्व में गश्त के दौरान टोहाना में रेलवे अंडर ब्रिज, ढाब बस्ती पर पहुंची तो उसी समय भाखड़ा नहर पुल के पास से एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर घबरा गया और बाइक को मोड़ने लगा। पुलिस टीम ने युवक को काबू कर लिया और तलाशी ली तो बैग से नशे की 1780 गोलियां बरामद हुईं। इस पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। संवाद