फतेहाबाद। गांव भोडियाखेड़ा में खुले शराब के उप ठेके के विरोध में महिलाओं व पुरूषों ने लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी धरना दिया। लोगों का कहना था कि वे किसी भी कीमत पर यहां शराब का उप ठेका नहीं खुलने देंगे। यह रिहायशी इलाका है और भोडियाखेड़ा आईटीआई यहां से मात्र 125 मीटर की दूरी पर ही है। महिलाओं व बच्चों को इससे दिक्कत होगी।
धरनारत ग्रामीण का नेतृत्व कर रहे शीशपाल व अनिल गढ़वाल ने बताया कि ठेकेेदार ने एक मकान खरीद लिया है और उसमें शराब का ठेका खोला जा रहा है। शराब का यह उप ठेका भोडियाखेड़ा आईटीआई से मात्र 125 मीटर की दूूरी पर है। यही नहीं इससे 15 मीटर की दूरी पर ही एक कोचिंग सेंटर भी है। जिसमें गांव की बेटियां व बेटे शिक्षा लेते हैं। यह उप ठेका गांव की रिहायश के बिल्कुल अंदर है। जिससे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा, वहीं रिहायश में रह रही महिलाओं को भी परेशानी आएगी, क्योंकि ठेके पर दिनभर शराबी व असामाजिक तत्व मंडराते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी भी कीमत पर इस शराब के ठेके को नहीं खुलने देंगे। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई की देर रात्रि को दो बजे शराब ठेकेदार के कारिंदे एक गाड़ी में दो बार उप ठेका में शराब रख गए थे तथा तीसरी बार गांव वासियों ने ठेकेदार को यहां पर शराब नहीं रखने दी और गाड़ी को वापिस भिजवा दिया। इस मामले में संबंधित अधिकारियों को भी ग्रामीणों ने कहा था कि वह इस स्थान पर ठेके की बजाए, ठेकेदार को अन्य स्थान पर जगह उपलब्ध करवा दे, लेकिन आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी भी इस मामले में आनाकानी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने साफ तौर पर कहा कि वह किसी भी कीमत पर यहां पर शराब का ठेका नहीं खुलने देंगे और इसके विरोध में उनका धरना दिन रात जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि इस उप ठेके को रिहायशी क्षेत्र से बाहर किया जाए।
.................
इस मामले में जब डीईटीसी वीके शास्त्री से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि मैं अभी चंडीगढ़ हूं और किसी केस के सिलसिले में हाईकोर्ट आया हुआ हूं। मुझे इस मसले का पता नहीं है, फतेहाबाद वापिस आकर ही ग्रामीणों से बातचीत की जाएगी।