भट्टू कलां। गांव रामसरा में 24 साल की एक महिला का शव घर के चौबारे में फंदे से लटका मिला है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक तौर पर मामला आत्महत्या का है। मृतका के मायके भिवानी जिले के गांव सिधनवा में उसके परिजनों को सूचना दी गई है। मायके पक्ष के परिवारजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। भट्टू कलां एसएचओ ओमप्रकाश ने बताया कि मंगलवार को महिला मंजू अपने पति अनिल कुमार के साथ खेत में गई हुई थी। दोपहर को खेत से घर लौटने के बाद महिला घर में चौबारे पर चली गई और पति नीचे चाय बनवाने लगा। इसके बाद काफी देर तक जब मंजू नीचे नहीं लौटी तो चौबारे में मंजू को बुलाने के लिए परिजन गए तो वह अपनी चुन्नी से फंदे पर लटकी मिली। बाद में महिला को भट्टू कलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ ने बताया कि मामला आत्महत्या का मालूम पड़ रहा है लेकिन पुलिस अपनी कार्रवाई के लिए अभी मृतका के मायके पक्ष के लोगों का इंतजार कर रही है। मृतका के मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जाने के बाद ही पुलिस अपनी आगामी कार्रवाई करेगी। मृतका के दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब तीन वर्ष और एक वर्ष है।