टोहाना। जींद एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए टोहाना रेलवे स्टेशन से महिला को 18 किलो डोडापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के खिलाफ शहर थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पकड़ी गई महिला की पहचान मध्यप्रदेश के गांव देहगांव निवासी सुमन जाट के तौर पर हुई है। महिला के खिलाफ पहले भी पंजाब के बंठिडा जिले में केस दर्ज हुआ है। जींद एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम के इंचार्ज एसआई महावीर सिंह अपनी टीम के साथ धमतान से गश्त के बाद टोहाना में आए हुए थे। उनके पास सूचना आई कि उक्त महिला राजस्थान व मध्यप्रदेश से नशा लाकर हरियाणा, पंजाब में बेचने का काम करती है। पुलिस की टीम ेलवे स्टेशन पर पहुंची। सुबह करीब सात बजे नरवाना की तरफ से जाखल जाने वाली गाड़ी के पहुंचने पर उक्त महिला एक थैले सहित नीचे उतरी। पुलिस की टीम को देखकर महिला घबरा गई, जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर महिला के थैले से 18 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।