कुलां। कुलां चौकी पुलिस द्वारा सोमवार सुबह क्षेत्र में नशा प्रभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया गया। चौकी प्रभारी करनैल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव नन्हेड़ी में अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक महिला को दो किलो 200 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया।
चौकी इंचार्ज करनैल सिंह ने बताया कि पुलिस नन्हेड़ी में धारसूल रोड पर हर आने जाने वाले व्यक्ति को रोककर जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक महिला आती दिखाई दी, जिसके हाथ में एक पॉलीथिन का बैग था। पुलिस टीम को देखकर महिला वापस भागने लगी। इस पर पुलिस ने शक के आधार पर महिला को काबू कर लिया। महिला पुलिसकर्मी द्वारा महिला के पास से पॉलीथिन जब्त कर तलाशी ली गई तो उसमें से 2 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़ी गई महिला की पहचान गांव नन्हेड़ी निवासी नछतरो देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संवाद