भट्टूकलां। गांव खाबड़ा कलां के शराब ठेके को आग लगाने, तोड़फोड़ करने और नगदी लूटने के आरोप में पुलिस ने 16 नामजद व 40-50 अन्य लोगों पर मामला दर्ज कर किया है। पुलिस को दी शिकायत में बासड़ा निवासी राकेश ने बताया कि वह गांव खाबड़ाकलां के शराब ठेके पर नौकरी करता है। मंगलवार की शाम ठेके पर मौजूद था कि गांव खाबड़ाकलां के शिवदयाल, कालु, रामनिवास देसवाली, मितू, मितू देसवाली का भाई, संदीप उर्फ सोनू, सरजीत उर्फ मांडिया, राधेश्याम, गोगी, आशु, सुंदर, धोलु, सुनील, मान्डा नायक, प्रवेश व 40- 50 अन्य व्यक्ति लाठी डंडे लेकर शराब ठेके पर धावा बोल दिया। ठेके में रखी शराब की बोतलें सड़क पर फेंक कर तोड़ दी व गल्ले में रखे 22700 रुपये की नगदी लूट ले गए और ठेके को आग लगा दी। भट्टू पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ज्ञात रहे कि सोमवार देर रात्रि शराब ठेकेदार द्वारा अवैध शराब की बिक्री को लेकर एक युवक को गोली मार कर घायल करने का आरोप लगाया था। आरोप है कि जिसके बाद गुस्साए लोगों ने मंगलवार को ठेके पर तोड़ फोड़ कर आग के हवाले कर दिया।