फतेहाबाद। पूरे शहर के विकास का जिम्मा लिए नगर परिषद प्रधान की कुर्सी पर बैठे राजेंद्र खिंची के गृह क्षेत्र मॉडल टाउन की हालत बद से बदतर है। सड़कें टूट चुकी हैं और बजरी बिखरकर सड़कों पर फैल गई है। अधिकांश सड़कों में गड्ढे बन गए हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। पार्कों में बड़ी-बड़ी घास उग आई है। बच्चों के खेलने के लिए लगे झूले भी टूटे चुके हैं। प्रधान चुने हुए दो महीने बीतने के बाद भी हालात सुधारने के ठोस प्लान नहीं बन रहे हैं।
दरअसल, शहर के मॉडल टाउन में सड़कों के हालात सबसे अधिक खराब हैं। पपीहा पार्क रोड व गीता मंदिर रोड पर बनी सड़क को पूरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं। यहां पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और बारिश के दिनों में यह गड्ढे पानी से भर जाते हैं। जिस कारण यहां पर हादसों का खतरा बना रहता है। पानी भरा होने के कारण लोग गड्ढों को देख नहीं पाते और चोटिल हो जाते हैं। यह दोनों ही मार्ग सबसे व्यस्त मार्ग हैं। यहां पर वाहनों की आवाजाही लगातार जारी रहती है। मॉडल टाउन फेज एक व दो में भी बनी सड़कों में जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं।
पुरानी सीवरेज प्रणाली से लोग परेशान
मॉडल टाउन में करीब 50 साल पुरानी सीवरेज प्रणाली है। यह सीवरेज लाइन भी लोगों के घरों के चबूतरों के नीचे से जा रही है। भारी बारिश होने के कारण मेनहोल ओवरफ्लो हो जाते हैं और इनको साफ भी नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह लोगों के घरों के नीचे बने हुए हैं।
पार्कों में घूमने से कतराते हैं वार्डवासी
मॉडल टाउन में पांच पार्क में हैं, जिनमें झूले आदि भी लगाए गए हैं। कई पार्कों में झूले टूट चुके हैं और बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है। जिस कारण यहां के लोग पार्क में घूमने से कतराते हैं। यहां पर जहरीले जीवों के घास में छिपे होने का भय बना रहता है।
सड़कें व सीवरेज प्रणाली सुुधारने की आवश्यकता
मॉडल टाउन में सड़कों के हालात व सीवरेज सुधारने की आवश्यकता है। सड़कों के टूटा होने के कारण अक्सर दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो जाते हैं। वहीं पुरानी सीवरेज प्रणाली होने के कारण अक्सर मेनहोल ओवरफ्लो हो जाते हैं। यहां पर नई सीवरेज प्रणाली सड़क के बीचोंबीच बिछाई जाए।
विनोद अरोड़ा, निवासी, मॉडल टाउन
गीता मंदिर रोड पर नशेड़ियों का अड्डा
गीता मंदिर के पास पीपल का पेड़ है। यहां पर अक्सर नशेड़ी रात को मंडराते रहते हैं। यहां पर नशा बेचने का धंधा जोरों पर चलता है। नशेड़ी प्रतिदिन यहां आकर पहले स्ट्रीट लाइटों के बल्ब तोड़ते हैं और अंधेरे में नशा बेचते हैं। पुलिस को सूचना देने पर यह नशेड़ी मौके से भाग जाते हैं।
कुलदीप सिगड़, निवासी, मॉडल टाउन
टूटी सड़कें व जाम की दिक्कत
मेरे घर के सामने ही सड़क लंबे समय से टूटी हुई है, जिसकी मरम्मत नहीं की गई है। इसकी जल्द मरम्मत होनी चाहिए। वहीं रविवार व शनिवार को पपीहा पार्क के सामने लोग सड़क पर ही अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। जिससे यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। पुलिस प्रशासन को यहां पर जाम न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध करने चाहिए।
अमन सिहाग, निवासी, मॉडल टाउन
कोट
मॉडल टाउन में सड़कों के निर्माण के लिए अधिकारियों से बातचीत हुई है। जल्द ही यहां पर सड़कों की मरम्मत व नई सड़कों के निर्माण का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। मॉडल टाउन सहित शहर की हर समस्या को दूर किया जाएगा।
राजेंद्र खिंची, प्रधान, नगर परिषद, फतेहाबाद
कोट
मॉडल टाउन में सड़कों की मरम्मत व निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। जल्द ही यहां पर काम आरंभ कर दिया जाएगा। पार्कों की देखभाल व रखरखाव को भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
ऋषिकेश कुमार, ईओ, नगर परिषद, फतेहाबाद