फतेहाबाद। डेरा जगमालवाली के संत वकील साहिब के निधन के बाद डेरा बेगमपुरा में शनिवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया। देर शाम को संगत पहुंचनी शुरू हुई तो प्रशासन के अधिकारियों ने संगत को रोकने का प्रयास किया। अधिकारियों ने संगत से कार्यक्रम को लेकर अनुमति मांगी। संगत ने कार्यक्रम को लेकर अनुमति पत्र दिखाया, लेकिन अधिकारी उसके बाद भी नहीं माने।
इसके बाद संगत का प्रतिनिधिमंडल डीसी और एसडीएम कार्यालय भी पहुंचा, लेकिन कोई खास सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद डेरे में कार्यक्रम रोकने पर संगत में रोष फैल गया। मौके पर पहुंचे ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीआरओ और शहर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने कहा कि डेरे के अंदर कार्यक्रम नहीं कर सकते हैं। काफी देर वाद-विवाद के बाद संगत के कहने पर डेरे के अंदर लंगर चलाने को लेकर अधिकारी तैयार हुए और कार्यक्रम बाहर खेत में करने की तैयारी शुरू की गई।
दरअसल शनिवार को डेरा बेगमपुरा धाम में शांतिपूर्वक ढंग से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था। डेरे के श्रद्धालु गुरदास, आत्माराम, बलदेव आदि ने बताया कि इसको लेकर पहले एसडीएम कार्यालय को सूचित भी कर दिया गया था और अनुमति भी ले ली गई थी। श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए सिरसा, डबवाली, दिल्ली तक के श्रद्धालु पहुंचे, लेकिन जब कार्यक्रम की तैयारी पूरा कर ली गई तो उसी दौरान पुलिस आ गई और श्रद्धांजलि कार्यक्रम करने से मना कर दिया।
श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन पर ऊपर से दबाव डाला गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय तक से दबाव आया है। कुछ भूमाफिया हैं, जिनके नजरें सिर्फ डेरों की संपत्ति पर गड़ी हुई है, उन्हें श्रद्धालुओं की श्रद्धा से कोई मतलब नहीं है। विवाद होने के बाद डेरे के श्रद्धालु डीसी व अन्य अधिकारियों से मिले, लेकिन कोई बात नहीं बन पाई। मौके पर करीब 1500 की संख्या में श्रद्धालु होने के कारण मामला बढ़ता देख डीआरओ को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। इसके बाद टीम वहां पर पहुंच गई।
एक घंटे बाद मिली अनुमति
जब इस बारे में श्रद्धालुओं से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सत्संग करने की अनुमति नहीं है। करीब एक घंटे के बाद प्रशासन ने लंगर करने की अनुमति दे दी। इसके बाद वहां पर लंगर शुरू हो गया। खबर लिखे जाने तक संगत सत्संग कर रही थी और सुरक्षा के लिए डेरे के अंदर व बाहर पुलिस तैनात रही।
डेरे की संगत को शांतिपूर्ण सत्संग करने के लिए कहा गया है। डेरे के अंदर लंगर चल रहा है। संगत ने आश्वासन दिया है कि शांतिपूर्वक ढंग से कार्यक्रम करेंगे। फिलहाल प्रशासन की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौजूद हैं।
-प्रहलाद राय, प्रभारी, शहर थाना फतेहाबाद।