फतेहाबाद। शहर के रतिया चुंगी क्षेत्र में मां और मौसी ने नौ साल की बेटी को गर्म चिमटे दाहिने पैर पर मारा और झाड़ू से पीटा। बच्ची ने मां और मौसी के कहने पर गलत काम करने से मनाकर दिया था। मामले को लेकर बच्ची पंजाब में संघा जिला मानसा में पहुंची और पिता को बताया। बच्ची को सरदूलगढ़ के अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मामले में शहर थाना पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर मां और मौसी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के मानसा गांव संघा निवासी ने बताया कि उसकी शादी भावदीन निवासी महिला के साथ 11 साल पहले हुई थी। शादी से तीन बच्चे हुए और दो साल से पत्नी से मनमुटाव चल रहा है। इसके चलते पत्नी दो साल से किराये के मकान में रतिया चुंगी में रह रही है। पांच साल का बेटा उसके साथ है जबकि नौ साल की बेटी और चार साल का बेटा पत्नी के साथ रहते हैं। आरोप है कि 11 सितंबर को शाम साढ़े चार बजे नौ साल की बेटी रोती हुई उसके पास गांव संघा में आई। जब उसने कारण पूछा तो उसने बताया कि 11 सितंबर को दोपहर के समय एक व्यक्ति मां के घर रतिया चुंगी पर आया। आरोप है कि मम्मी और मौसी ने गलत काम करने के लिए बोला, जिसके बाद उसने मना कर दिया। इसके बाद मां और मौसी ने दाहिने पैर पर गर्म चिमटे लगाए और सिर में झाड़ू मारे।
मारपीट करने के बाद पंजाब बस स्टैंड पर छोड़ा
शिकायत में बताया गया है कि मारपीट के बाद आरोपी मां और मौसी ऑटो में बेटी को संघा पंजाब के बस स्टैंड पर छोड़कर चली गई। बस स्टैंड से बच्ची घर पहुंची और पिता को बताया। इसके बाद उसे सरदूलगढ़ के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। शहर पुलिस ने इस संबंध में पीड़िता के पिता की शिकायत पर मां व उसकी मौसी के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।