जाखल। भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहा की जाखल ब्लॉक इकाई ने बुधवार को गांव नडेल में सभा की। जिसमें भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबली और किसानों के बीच हुए विवाद के चलते गांव के गुरुद्वारा साहिब को दानस्वरूप दिए गए 11 लाख रुपये वापस करने का निर्णय लिया गया।
किसान यूनियन ने ऐलान किया कि या तो देवेंद्र बबली अपनी दी गई राशि का चेक वापस ले जाए या उनके कार्यकर्ता पंचायत में आकर माफी मांगे। यूनियन के राज्य सचिव अजय सिधानी व ब्लॉक प्रधान रणजीत सिंह ने बताया कि दो दिन पहले यूनियन द्वारा जाखल खंड के गांवों में मतों की अपील करने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र बबली से किसानी मुद्दों की मांगों को लेकर सवाल किए गए। उस दौरान देवेंद्र बबली द्वारा किसानों की बात नहीं सुनी गई।
इससे गुस्साए यूनियन के किसानों द्वारा विरोधस्वरूप उन्हें काले झंडे दिखाए गए। इससे देवेंद्र बबली के कार्यकर्ता नाराज हो गए। उनका आरोप है कि देवेंद्र बबली के समर्थकों ने हाथों में लाठियां लेकर किसानों को गालियां दी। यही नहीं, समर्थकों ने किसानों के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा देने की धमकी भी दी। उन्होंने गांव के गुरुद्वारा साहिब के पाठी को फोन करके स्पीकर में अनाउंसमेंट करने को कहा कि गांव में जो बाहरी किसान आए हैं, वो अपनी जानमाल के स्वयं जिम्मेदार होंगे, लेकिन यूनियन के कार्यकर्ताओं ने यह अनाउंसमेंट नहीं होने दी। इससे गांव का भाईचारा खराब हो सकता था।
इससे नाराज देवेंद्र बबली के कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह गांव में पंचायत बुलाई और शर्त रखी कि यूनियन के नेता पंचायत में माफी मांगें, अन्यथा देवेंद्र बबली द्वारा गांव के गुरुद्वारा साहिब को दी गई 11 लाख रुपये की दान राशि वापस करें। इसे लेकर यूनियन द्वारा ग्रामवासियों को एकत्रित करके चौक में सभा की गई। सभा में ऐलान किया गया कि वे देवेंद्र बबली के कार्यकर्ताओं से डरने वाले नहीं है। ऐसे में वह उनसे कोई माफी नहीं मांगेगे। यूनियन के जिला प्रधान निर्भय रतिया ने बताया कि यूनियन ने ये ऐलान किया है कि गुरुद्वारा कमेटी और पाठी पर कोई आंच नहीं आने देंगे। यूनियन का कोई सदस्य माफी नहीं मांगेगा।
यूनियन ने ऐलान किया कि देवेंद्र बबली द्वारा पूर्व में गुरुद्वारा साहिब को दान दिए गए 11 लाख रुपये बबली को वापस दिए जाएंगे। इसे लेकर यूनियन द्वारा देवेंद्र बबली के नाम पर 11 लाख रुपये का चेक भी काट दिया गया है। इस मौके पर यूनियन के जाखल ब्लॉक के सचिव उत्तम तलवाड़ी, नडेल इकाई के प्रधान चरणजीत सिंह, गुलाब उदयपुर, काला चांदपुरा, गग्गू सिंह, कुलवंत सिंह, काला सिंह आदि मौजूद रहे।