फतेहाबाद। पिछले तीन सालों से फतेहाबाद में गेहूं का उत्पादन लगातार घटता चला आ रहा है। तीन सालों में गेहूं का उत्पादन दो लाख 82 हजार मीट्रिक टन घट गया है। ज्ञात रहे कि इस बार गेहूं की कमी की वजह से आटे के दामों में भारी उछाल आया था। आटे के दाम 33 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए थे। गेहूं उत्पादन में कमी की बड़ी वजह खराब मौसम रहा है, लेकिन इस बार अच्छे उत्पादन की उम्मीद है। किसानों के अनुसार, प्रति एकड़ 22 क्विंटल तक गेहूं निकल रहा है, जिससे किसान भी काफी खुश हैं।
फतेहाबाद में इस बार गेहूं का रकबा कम रहा, क्योंकि सरसों की ओर किसानों का अधिक रुझान रहा है। इस बार जहां जिले में साढ़े चार लाख एकड़ में गेहूं की बिजाई हुई है, वहीं सरसों का रकबा भी बढ़ा है। पिछले साल जहां 40 हजार एकड़ पर सरसों की फसल की बिजाई हुई थी, इस बार 60 हजार एकड़ पर सरसों की बिजाई हुई है। सरसों की फसल का रकबा बढ़ने का एक बड़ा कारण यह भी है कि इस पर एमएसपी किसानों को 5450 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है। वहीं गेहूं का एमएसपी 2125 रुपये प्रति क्विंटल है। इस बार गेहूं की अच्छी उपज हुई है।
मौसम अनुकूल रहने से गेहूं का दाना अच्छा बना
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम अनुकूल रहने के कारण गेहूं का दाना अच्छा बना है। जहां ओलावृष्टि हुई है, वहां थोड़ा कम उत्पादन हुआ है, लेकिन कुल मिलाकर देखा जाए तो अच्छा उत्पादन हुआ है। गांव दौलतपुर के किसान हरिओम व धांगड़ के किसान होशियार सिंह ने बताया कि इस बार गेहूं का झाड़ अच्छा रहा है। प्रति एकड़ 50 से 52 मण गेहूं की उपज हो रही है। बता दें कि इस साल गेहूूं का उत्पादन कम होने के कारण गेहूं के आटे के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई थी। फतेहाबाद में गेहूं का आटा जहां पहले 26 रुपये प्रति किलोग्राम मिलता था, वह बढ़कर 33 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया था। इस बीच एफसीआई ने नीलामी करके गेहूं को खुले बाजार में बेचना आरंभ किया था, ताकि गेहूं के आटे के दामों में कमी आए।
तीन सालों में घटा उत्पादन
फतेहाबाद का नाम पहले गेहूं उत्पादन में पूरे प्रदेश में अव्वल जिलों में आता था, लेकिन पिछले तीन सालों में गेहूं उत्पादन में लगातार कमी आ रही थी। 2020-21में जहां सात लाख 12 हजार 551 मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन हुआ था, वहीं 2022-23 में यह घटकर चार लाख 29 हजार 641 मीट्रिक टन उत्पादन हुआ। इस बार अब तक दो लाख 30 हजार 626 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है। उम्मीद है कि इस बार गेहूं उत्पादन का आंकड़ा पांच लाख मीट्रिक टन से पार चला जाएगा।
तीन सालों से गेहूं उत्पादन का ब्योरा
वर्ष - उत्पादन
2020-21 - 712551
2021-22 - 696461
2022-23 - 429641
इस बार मौसम अच्छा रहा है, जो गेहूं के लिए अनुकूल था। पिछले साल पड़ी अचानक गर्मी के कारण गेहूं का उत्पादन काफी नीचे रहा था। इस बार अच्छे उत्पादन की उम्मीद है।
-डॉ. राजेश सिहाग, डीडीए, फतेहाबाद