नगर पालिका में वोटिंग करते हुए पार्षद ।
रतिया। नगरपालिका में पेमेंट अप्रूवल कमेटी का सदस्य बनाए जाने को लेकर शहर के पार्षदों की तीन दिन बाद फिर बैठक शुक्रवार दोपहर को चेयरपर्सन प्रीति खन्ना की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में पार्षदों में हुई वोटिंग से वार्ड 8 की पार्षद पिंकी चौहान पेमेंट अप्रूवल कमेटी की सदस्य बनीं।
इस बैठक में उपप्रधान जोगिंद्र नंदा, पार्षद विजय गर्ग, अजमेर सिंह, सतपाल लडवाल, गौरव शर्मा, गुरप्रीत गोपी, अजय गुप्ता, जसविंदर कौर, रेखा शर्मा, नीरू बाला, सुमन सैनी, पिंकी चौहान, वीरपाल कौर सहित 13 पार्षद मौजूद रहे। इससे पहले भी नगरपालिका पार्षदों की बैठक मंगलवार को हुई थी। उस बैठक में कई मुद्दों पर सहमति बनने के बाद पेमेंट अप्रूवल कमेटी का सदस्य बनाए जाने को लेकर हंगामा हो गया था। इसके बाद बैठक रद्द कर दी गई थी। शुक्रवार की बैठक में भी पेमेंट अप्रूवल कमेटी का सदस्य बनाए जाने को लेकर सहमति नहीं बन पाई तो नगरपालिका सचिव पंकज जून ने चुनाव करवाने का निर्णय लिया, जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जता दी। पांच पार्षदों ने सदस्य बनने के लिए चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। मगर अभी चुनाव को लेकर प्रक्रिया चल ही रही थी कि तीन पार्षदों ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद चुनाव में वार्ड नंबर 3 के पार्षद अजमेर और वार्ड 8 की पार्षद पिंकी चौहान मैदान में आमने-सामने रह गए। जिन पर सहमति बनाने के लिए काफी प्रयास किया गया। मगर बाद में दोनों पार्षद उम्मीदवारों के बीच चुनाव करवाया गया, जिसमें वार्ड नंबर 8 की पार्षद पिंकी चौहान 8 वोट लेकर सदस्य निर्वाचित हुई जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार वार्ड नंबर 3 के पार्षद अजमेर सिंह को 6 मत मिले।
इसके अलावा बैठक में लाली रोड पर डॉ.भीमराव आंबेडकर सामुदायिक केंद्र एवं पार्क निर्माण करने, जाखन दादी में जनस्वास्थ्य विभाग को छह एकड़ जमीन की अदला-बदली करने व चंद्रयान तीन के सफलतापूर्वक प्रक्षेपित होने पर बधाई के प्रस्ताव पास किए गए।