संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी का चुनाव आईईडी मॉडल राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला फतेहाबाद में हुआ। इसमें विकास टुटेजा चौथी बार जिला प्रधान बने। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी विनोद मूंड को 18 वोटों से हराया।
जिला कार्यकारिणी के चुनाव में पर्यवेक्षक की भूमिका संघ के राज्य कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा, राज्य उपप्रधान राजकुमार कासनिया, हिसार जिला प्रधान जयभगवान बड़ाला, अग्रोहा खंड प्रधान ओमप्रकाश, सिरसा के जिला प्रधान बंसीलाल झोरड़, सुनील कड़वासरा सिरसा, विवेक शर्मा हिसार और भगत सिंह सिरसा ने निभाई। पर्यवेक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि वोटिंग के समय प्रत्येक खंड से 6 पदाधिकारी व पूर्व जिला प्रधान, महासचिव और कोषाध्यक्ष सहित कुल 39 पदाधिकारी ही नई कार्यकारिणी का चयन कर सकते हैं। नई कार्यकारिणी में जिला प्रधान पद के लिए विकास टुटेजा, सुरेंद्र नैन, विनोद मूंड, अनूप गोरा और महासचिव पद के लिए योगेंद्र वर्मा टोहाना, धर्मपाल किरोड़ी भूना, सतीश बाटू तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए पवन चमारखेड़ा, नवीन भाटिया टोहाना, धर्मबीर झाझड़ा और धर्मपाल गोसांई ने आवेदन किया।
राज्य चेयरमैन देवेंद्र दहिया और राज्य कानूनी सलाहकार दलीप बिश्नोई ने जिला महासचिव पद पर योगेंद्र वर्मा और जिला कोषाध्यक्ष के लिए पवन चमारखेड़ा के नाम पर सहमति बनवाई। जिला अध्यक्ष पद के दावेदार सुरेंद्र नैन और अनूप गोरा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अंत में जिला प्रधान के पद के लिए विकास टुटेजा और विनोद मूंड के बीच चुनाव हुआ। चुनाव में तीन पदाधिकारी अनुपस्थित होने पर कुल 36 वोट पड़े। इसमें से 27 वोट विकास टुटेजा को जबकि 9 वोट विनोद मूंड को मिले। पर्यवेक्षकों ने फैसला सुनाते हुए विकास टुटेजा को 18 वोटों से विजयी घोषित किया।
नवनियुक्त जिला प्रधान विकास टुटेजा ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्राथमिक शिक्षकों का आभार जताया और आश्वासन दिया कि जिले में सभी प्राथमिक शिक्षकों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों के हल के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और संगठन को जिले में मजबूत करेंगे। इस मौके पर भजन कंबोज, प्रीतम फुटेला, राकेश मदान, विजेंद्र सांगवान, दिनेश मेहता, अशोक मिघानी, अजीत छाबा, पवन पचार, सुभाष सहरावत, गुरनाम सिंह, जोगेंद्र संधू के अलावा सभी खंडों के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी सहित कई प्राथमिक शिक्षक उपस्थित रहे।