फतेहाबाद। नगर परिषद के वार्डों और शहर से एजेंसी के कचरा उठाने के काम से पार्षद नाखुश हैं। पार्षदों का आरोप है कि उनके वार्ड के काई गलियों में गाड़ी कचरा उठाने गई ही नहीं। वार्डों में कचरा उठान न होने को लेकर प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची के सामने शिकायत रखने के बाद सोमवार को एजेंसी के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई और गाड़ियों पर नजर रखने के लिए स्कैनर लगाने पर सहमति बनी।
बैठक में वार्ड नंबर दो के पार्षद प्रतिनिधि सुनील कुमार ने कहा कि जब से काम शुरू हुआ है उनके वार्ड की कई गलियों में घरों से कचरा उठाने गाड़ी ही नहीं आई है। डोर-टू-डोर कचरा उठान के मैनेजर बंसीलाल ने ने बताया कि एजेंसी वार्डों में पांच घर छोड़कर और गली के मोड़ पर स्कैनर लगाएगी। जब गाड़ी स्कैनर के आगे से गुजरेगी तो इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को जाएगी। इससे पता चल जाएगा कि संबंधित गली में गाड़ी गई है या नहीं और अगर गई है तो कितने बजे गई है। बैठक के बाद एजेंसी के कर्मचारियों ने स्कैनर लगाने का काम शुरू कर दिया।
बता दें कि नगर परिषद ने डोर-टू-डोर कचरा उठान के लिए डिंगमैन पॉवर एजेंसी को ठेका दे रखा है। 1675 रुपये प्रति टन के हिसाब से ये ठेका दिया गया है। एजेंसी ने 10 मई से 27 वार्डों से कचरा उठान के लिए 19 गाड़ियां लगाई हैं। रोजाना करीब 30 से 35 टन कचरा उठ रहा है।
बैठक में प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची, उपप्रधान सविता टुटेजा, पार्षद और प्रतिनिधि और एजेंसी के मैनेजर बंसीलाल मौजूद रहे।
गाड़ी में गीला-सूखा कचरा डालना होगा अलग-अलग
वार्ड में आने वाली गाड़ी में लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डालना होगा। अभी फिलहाल गीला-सूखा इकट्ठा ही कचरा डाला जा रहा है। एजेंसी गाड़ी में गीला-सूखा कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन भी लगाएगी। इसके अलावा अभियान शुरू किया जाएगा जिसमें विद्यार्थी जागरूक करेंगे।
शहर में सफाई को लेकर स्थिति
वार्ड : 27
कुल घर : 29 हजार
जनसंख्या : 90 हजार
गाड़ियां : 19
लोडर : एक
रोजाना निकल रहा कचरा : 30 से 35 टन
कोट
वार्डों के पार्षद शिकायत कर रहे है कि डोर-टू-डोर कचरा उठान ढंग से नहीं हो रहा है। इसको लेकर बैठक ली गई थी, जिसमें एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यवस्था सुधारी जाए। अगर कचरा उठान सही ढंग से नहीं होगा तो एजेंसी को जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
-राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान नगर परिषद