फतेहाबाद। प्रदेश के सरपंचों की ओर से सरकार को मांगें मानने के लिए दिया गया समय मंगलवार दोपहर 12 बजे समाप्त होने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव होगा। हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष रणबीर गिल ने ऐलान किया है कि बुधवार को प्रदेश के सरपंच ग्रामीणों के साथ पंचकुला के सेक्टर पांच के शालीमार ग्राउंड में इकट्ठे होंगे।
इसके बाद पैदल मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास का घेराव करने जाएंगे। जहां भी पुलिस सरपंचों को रोकने का प्रयास करेगी, वहीं पर पक्का मोर्चा लगा दिया जाएगा। गौरतलब है कि सरपंच एसोसिएशन की सोमवार को पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के साथ बैठक हुई थी। मगर बैठक बेनतीजा रही थी। इस पर सरपंचों ने मंगलवार दोपहर 12 बजे तक मांगें मानने का अल्टीमेटम दिया गया था।
गांव-देहात बचाने का है आंदोलन
सरपंच रणबीर गिल ने कहा कि यह गांव-देहात बचाने का आंदोलन है। इसलिए प्रदेशभर के ग्रामीण क्षेत्र से लोग पंचकुला पहुंचेंगे। जनता सरकार को आईना दिखाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सोमवार की बैठक के दौरान भी पंचायत मंत्री असमर्थ दिखाई दिए। वह पहले ई टेंडरिंग के फायदे बताते रहे जबकि सरपंच इसके नुकसान गिनवाते रहे। प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मंत्री ने सरपंचों से जीएसटी नंबर लेकर काम करवाने के लिए कहा। मगर उन्हें बताया गया कि सरपंच ठेकेदार नहीं है। वह ठेकेदारी करने के बजाय गांवों का विकास करवाना चाहते हैं।