फतेहाबाद। शहर के नए बस स्टैंड के पास स्पेशल टास्क फोर्स हिसार टीम ने राजस्थान के दो युवकों को 290 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। पकड़े गए दोनों युवक दिल्ली में नाइजीरियन से हेरोइन लेकर आए थे और यहां पर सप्लाई दी जानी थी। मामले में शहर पुलिस ने पकड़े गए आरोपी तस्कर हनुमानगढ़ निवासी गौरव और जसविंद्र, सप्लाई देने वाले आरोपी नाइजीरियन जॉन और हेरोइन की सप्लाई मंगवाने के आरोपी हनुमानगढ़ निवासी हुसैन के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले के मुताबिक एसटीएफ हिसार टीम को सूचना मिली थी कि हनुमानगढ़ निवासी गौरव और उसका दोस्त जसविंद्र दिल्ली से हेरोइन लेकर आए हैं और बस स्टैंड के सामने किसी को बेचने की फिराक में है। टीम जब बस स्टैंड के पास पहुंची तो युवक वहां से वापस मुड़ने लगे। टीम ने शक के आधार पर दोनों युवकों काबू कर लिया। युवकों ने पहले हनुमानगढ़ निवासी गौरव व जसविंद्र बताया। टीम ने जब नियम अनुसार गौरव की तलाशी ली तो उसके पास से 265 ग्राम हेरोइन बरामद हुई और जब जसविंद्र की जांच की गई तो उससे 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी गौरव और जसविंद्र ने बताया कि यह हेरोइन दिल्ली में पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन के पास जॉन नाम के नाइजीरियन से लेकर आए है। उनसे ये हेरोइन हनुमानगढ़ निवासी हुसैन ने मंगवाई थी। तीनों ही साझेदारी में हेरोइन बेचने का काम करते हैं।
पांच दिन का मांगा गया रिमांड
हेरोइन मामले में पकड़े गए युवकों से पूछताछ को लेकर कोर्ट से पांच दिन का रिमांड मांगा गया है। मामले की जांच एसटीएफ हिसार टीम ही कर रही है।
- महेंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी