अवैध हथियार रखने के आरोप में फतेहाबाद पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए हैं। सीआईए स्टाफ की टीम एएसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में नेशनल हाईवे पर गश्त के दौरान बड़ोपल नहर के पास पहुंची तो सामने से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर नहर की पटरी की तरफ जाने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम मनदीप उर्फ पंजाबी निवासी चौबारा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12 बोर का एक अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। दूसरे मामले में थाना शहर टोहाना पुलिस की टीम एसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी तो उसे सूचना मिली कि मोनू निवासी गांधी नगर नाजायज असलहा लेकर डांगरा रोड पर खड़ा है। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंची तो उक्त युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 315 बोर अवैध पिस्तौल बरामद हुई। संवाद