सड़क हादसे में घायल बाइक सवार महिला को संभालते लोग।
- फोटो : Fatehabad
गांव खूनन के पास कैंटर और मोटरसाइकिल में हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के पश्चात कैंटर चालक कैंटर सहित फरार हो गया। मृतकों की पहचान अमरीक सिंह पुत्र माघा सिंह निवासी गलान थाना पातड़ा जिला पटियाला और लवप्रीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह हाल निवासी मलवाला के तौर पर हुई और दोनों आपस में रिश्तेदार थे जबकि घायल महिला मनजीत कौर मृतक अमरीक सिंह की पत्नी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी। वहीं राहगीरों के सहयोग से दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों व्यक्तियों व महिला को उपचार के लिए फतेहाबाद व अग्रोहा के अस्पताल में भेज दिया था लेकिन दोनों व्यक्तियों ने अग्रोहा व फतेहाबाद के अस्पताल में दम तोड़ दिया था। गंभीर अवस्था में घायल महिला का उपचार चल रहा है। जानकारी अनुसार पटियाला क्षेत्र के उपरोक्त परिवार के लोग अपने बाइक द्वारा गांव खुनन में अपने रिश्तेदार के घर शोक व्यक्त करने के लिए आ रहे थे। गांव खूनन के पास के समीप कैंटर के साथ टक्कर हो गई जिसके चलते तीनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना को देखते हुए आसपास ढाणियों में काम कर रहे लोगों के अलावा राहगीरों ने सभी घायलों को फतेहाबाद व अग्रोहा के अस्पताल में दाखिल करवाया मगर वहां उपचार के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। इस घटना के दौरान कैंटर चालक मौके से ही कैंटर सहित ही फरार हो गया। इस संदर्भ में जब बीट अधिकारी व सहायक उप निरीक्षक रामनिवास ने बताया कि मृतक के रिश्तेदार निर्मल सिंह के बयानों के आधार पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।