भट्टूकलां। गांव पीलीमंदोरी में दो महिलाओं ने ज्वैलर्स की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव पीलीमंदोरी के चोपटा रोड़ पर स्थित ओपी ज्वैलर्स के संचालक राजेश सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह दुकान पर था तो दो महिलाएं उनकी दुकान में आई और कुछ आभूषण दिखाने को कहा और अचानक से वे तबीयत खराब का कह कर चली गई। उसे किसी काम से फतेहाबाद जाना पड़ गया। पीछे से उनके दादा ओमप्रकाश जोकि 80 वर्ष के है, दुकान पर थे। तभी दोबारा वही महिलाएं दुकान पर आ गई। उसके दादा की वृद्ध अवस्था का फायदा उठाते हुए उक्त महिलाओं ने चालाकी से दिखाएं जा रहे सोने के आभूषणों में 4 अंगुठी, 2 लोकेट व टॉप्स जोड़ी जोकि सभी आभूषण करीब तीन तोले के थे चुरा लिये। उन्होंने उक्त महिलाओं संबंधित अनेक स्थानों पर खोजबीन की लेकिन वे मौके से फरार हो गई। पुलिस ने शिकायत के अनुसार जांच शुरु कर दी है।