टोहाना में बुक डिपो पर छापेमारी के दौरान जांच करते मुख्यमंत्री उड़नदस्ते व एनसीईआरटी के अधिकारी।
टोहाना। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और एनसीईआरटी की टीम ने नकली पुस्तकें बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो पुस्तक विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है।
एनसीईआरटी के सहायक उत्पादन अधिकारी ओमप्रकाश के बयान पर कार्रवाई करते हुए शहर थाना पुलिस ने शर्मा बुक डिपो के संचालक सुलहेड़ा निवासी सुरेंद्र शर्मा और भाटिया बुक डिपो के संचालक वार्ड नंबर 6 निवासी मेजर भाटिया के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें हिसार जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1583 किताबें बरामद की है।
पुलिस को दी शिकायत में एनसीईआरटी अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि टोहाना में एनसीईआरटी की नकली पुस्तकें ग्राहकों को धोखाधड़ी करके बेचने के लिए रखी गई है, जिसका स्टॉक भी किया गया है। इस पर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री उड़नदस्ते से एएसआई साधुराम, एएसआई सुरेंद्र सिंह, एएसआई रामफल सिंह व सहायक उत्पादक अधिकारी राजेंद्र सिंह के साथ शुक्रवार शाम को शर्मा बुक डिपो पर पहुंचे, जहां सुलहेड़ा निवासी सुरेंद्र शर्मा दुकान मालिक मिले। यहां जांच करने पर 320 पुस्तकें पाई गईं, जो धोखाधड़ी करके बेचने के लिए रखी गई थीं। दूसरे मामले में रात करीब 11 बजे उनकी टीम ने दुकान मालिक मेजर भाटिया की हाजिरी में भाटिया बुक डिपो पर जांच की तो दुकान में 46 किताबें मिली, जबकि 1217 किताबें दूसरी छत पर पाई गई।