भूना। वार्ड 9 स्थित डक्की मोहल्ला में रविवार देर रात को मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने श्रमिक सुखदेव उर्फ सक्कू की टांग में गोली मार दी। गोली पांव की पिंडली से आर-पार निकल गई। वहीं गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो आसपास के लोग अपने घरों से निकल कर मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी केंद्र भूना में दाखिल करवाया। जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस को दिए बयान में वार्ड 9 निवासी 38 वर्षीय घायल सुखदेव उर्फ सक्कू ने बताया कि रविवार रात्रि को करीब 9 बजे वह अपने घर से राजू मेहता की दुकान पर सामान खरीदने जा रहा था। तभी सामने से बिना नंबर के मोटरसाइकिल पर सवार होकर वार्ड 11 निवासी सन्नी और वार्ड 9 के ही शीलू आए। उन्होंने आते ही उससे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
जब उसने विरोध किया तो मोटरसाइकिल से नीचे उतरकर शीलू ने जान से मारने की नीयत से अवैध हथियार से उस पर गोली चला दी, जो कि उसके पांव की पिंडली में लगी। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जाने लगे तो शीलू ने धमकी देते हुए कहा कि बकवास और कर लेना, दोबारा करी तो सीधी छाती में गोली मारेंगे।
वहीं गोली चलने की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर रविंद्र बिश्नोई टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सोमवार सुबह सीन ऑफ क्राइम के इंचार्ज डॉ. जोगिंदर सिंह ने भी मौके पर जांच की। पुलिस को वारदात स्थल से गोली का एक खोल भी बरामद हुआ है।
विक्रम भांभू गैंग से जुड़ा हुआ है शीलू
आरोपी शीलू का आपराधिक रिकाॅर्ड रहा है। उसके खिलाफ भूना पुलिस थाने में वर्ष 2020-21 में अलग-अलग चार मामले दर्ज हैं। शीलू के खिलाफ 12 फरवरी 2020 को अवैध शस्त्र रखने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। वहीं, 28 अप्रैल 2020 को गैंग के साथ मिलकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने की धारा में केस दर्ज हुआ। 26 मई 2020 को गैंग के साथ मिलकर मारपीट करने और हत्या प्रयास के साथ अवैध शास्त्र की धारा के तहत केस दर्ज हुआ। वहीं, 21 मार्च 2021 को विक्रम भांभू के साथ मिल लूटपाट और डकैती की योजना बनाने के मामले में केस दर्ज कर गिरफ्तारी हुई थी। दो साल जेल में रहने के बाद जमानत पर कुछ दिनों पहले ही बाहर आया था।
-
:: शीलू व सन्नी नामक युवकों ने मजदूर के पांव में गोली मारी है। मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। मुख्य हमलावर शीलू कई आपराधिक मामलों में सम्मिलित रहा है। कुछ महीनों पहले हत्या प्रयास के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीमें जुट गई हैं।
-जगदीश काजला, डीएसपी, भूना