किसान संघर्ष समिति ब्लॉक जाखल की ओर से 330 ट्रैक्टरों पर कड़ाके की ठंड के बीच कृषि कानूनों के विरोध में रोष मार्च निकाला गया। इस रोष प्रदर्शन में 15 गांवों से करीब पांच हजार किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए। जाखल गांव से शुरू होकर रोष मार्च जाखल मंडी के विभिन्न बाजारों में पहुंचा। यहां से गांव, तलवाडा रोड पर गुरुद्वारा के सामने फिर एकत्रित होकर ट्रैक्टर रोष मार्च यात्रा गांव तलवाड़ा, तलवाड़ी, साधनवास, सिधानी, चांदपुरा, मुदलियां, रत्ताथेह, शक्करपुरा, मूस्साखेड़ा, म्योंद कलां, म्योंद खुर्द, ढ़ेर, दीवाना, नड़ेल, कासिमपुर, चुहड़पुर, उदयपुर सहित 15 गांवों में पहुंचीं। ब्लॉक प्रधान लाभ सिंह, उपप्रधान जगसीर सिंह जग्गी महल, सचिव सतीश कुमार, कैशियर नवजोत सिंह, बलकार सिंह, बाबू सिंह, हरविंदर बेनीपाल, जगमेल सिंह नड़ैल, ने बताया ट्रैक्टर रोष मार्च का मुख्य उद्देश्य किसान आंदोलन के प्रति लोगों को जागरूक करना है। किसानों को 15 जनवरी के दिन सिरसा से दिल्ली ट्रैक्टर मार्च कार्यक्रम में भाग लेने का भी आह्वान किया गया है। इसके साथ ही 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में किसानों की ओर से किए जाने वाले विशाल रोष प्रदर्शन में भी भाग लेने के लिए किसानों को उत्साहित किया जा रहा है। गांवों में ट्रैक्टर यात्रा को लेकर लोगों ने इसका स्वागत भी किया। गांव चांदपुरा, मुंदलियां, साधनवास, सिधानी में चाय पानी के अलावा गांव नड़ैल, उदयपुर में किसानों के लिए लंगर की भी व्यवस्था की गई।