टोहाना। नगर परिषद कार्यालय में प्रधान नरेश बंसल की अध्यक्षता में हाउस की बैठक हुई। बैठक में पार्षद प्रतिनिधियों के आने पर हंगामा भी हुआ। बैठक में सबसे पहले बजट पास किया गया। इसके बाद फाइनेंस कमेटी का गठन हुआ। बैठक के दौरान पार्षदों व चेयरमैन ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, जिसमें सभी ने एकमत होकर विजिलेंस जांच की मांग पर सहमति जताई। बैठक में शहर के विकास से जुड़े 56 मुद्दों पर चर्चा के बाद उन्हें पास कर दिया गया।
फाइनेंस कमेटी के लिए इस दौरान चार पार्षदों के बीच चुनाव हुए। नगर परिषद चेयरमैन समर्थित वार्ड 11 के पार्षद जगमेल कटारिया और वार्ड 12 से निखिल बंसल विजयी हुए। वार्ड आठ के पार्षद जोनी मेहता व वार्ड दस के पार्षद रामकुमार की हार हुई। इस दौरान बिल जांच कमेटी गठित की गई है, जिसमें वार्ड आठ के पार्षद जोनी मेहता व वार्ड 23 के पार्षद राकेश मस्तू को शामिल किया गया। नगर परिषद में करीब 28 करोड़ 70 लाख का बजट पास हुआ है। इसमें से 11 करोड़ रुपये शहर में विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे।
इस दौरान पार्षद फुलो देवी, पार्षद पूजा मित्तल, पूजा माथुर, पुष्पा मेहता व पुष्पा गर्ग ने कहा कि यहां कुछ पार्षद राजनीति करने के लिए आते हैं। जो मीडिया में आने के लिए खुद ही बोलते रहते हैं जबकि उन्हें बोलने नहीं दिया जाता है। इस पर नगर परिषद प्रधान नरेश बंसल ने कहा कि आगे से हर पार्षद के लिए बोलने का समय तय किया जाएगा।
स्ट्रीट लाइट के बिलों में घोटाला हुआ, जांच हो
इस दौरान वार्ड दस के पार्षद रामुकमार सैनी ने कहा कि शहर में कंवरसेन गुप्ता चौक बनाने से कोई दिक्कत नही लेकिन लवकुश व ज्योतिबा फुले चौक भी बनाया जाए। नगर परिषद में एक हजार स्ट्रीट लाइट के बिल पास हुए हैं, जबकि लाइट 500 आई है, इसमें घोटाला हुआ है, जांच की जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में मिट्टी को लेकर घोटाला हुआ है, उसकी विजिलेंस जांच की जाए तथा पार्षद प्रतिनिधियों को बैठक में न आने दिया जाए। पार्षद अशोक गर्ग ने कहा कि नगर परिषद की आय का साधन बढ़ाया जाए। नगर परिषद द्वारा लाइब्रेरी की बिल्डिंग बनाई गई है, उसकी दुकानों को किराए पर चढ़ाकर आय बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि मिट्टी घोटाले की जांच की जाए। नगर परिषद को अपनी जेसीबी, दो पानी के टैंकर खरीदने चाहिए।
चेयरमैन ने हमें गुंडा कहा, यह गलत बात है : मेहता
इस दौरान वार्ड आठ के पार्षद जोनी मेहता ने कहा कि वे नगर परिषद के लेखाकार से कुछ कामों के बिल लेकर गए थे, लेकिन चेयरमैन ने मीडिया में उन्हें गुंडा कहा, जो गलत है। वे उन्हें अपना प्रधान मानते है जबकि वे उनके प्रति गलत बयानबाजी करते हैं।
आपने मुझे प्रधान कभी माना ही नहीं : बंसल
नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल ने कहा कि कुछ पार्षदों ने मुझे कभी प्रधान नहीं माना, उन्हें बिल लेने से संबंधित जानकारी के लिए मुझसे मिलना चाहिए था। सभी पार्षद मेरी टीम का हिस्सा हैं, हमें मिलकर शहर का विकास करवाना है। डी प्लान सहित तमाम मामलों की जांच विजिलेंस से होनी चाहिए, वे इसके पक्षधर हैं।