हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट सिरसा की टीम द्वारा काबू किए हुए नशा तस्कर।
- फोटो : Fatehabad
भूना। टोहाना रोड पर कॉटन फैक्टरी के नजदीक हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो सिरसा यूनिट की टीम ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को दबोच कर दो किलो 35 ग्राम अफीम बरामद किया है। पकड़े गए तीनों युवक झारखंड के रहने वाले हैं। जिनकी पहचान जिला चतरा के गांव कोमना निवासी सुरेश यादव, इसी जिले के गांव तिलहेत निवासी उमेश यादव और चतरा जिले के ही गांव भौरूडीह निवासी वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है।
एएसपी दीपक कुमार व डीएसपी प्रदीप यादव ने बताया कि पुलिस टीम को अफीम तस्करों की तलाश के लिए कड़ाके की ठंड में करीब चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। उपरोक्त अफीम तस्कर कई दिनों से सिरसा व फतेहाबाद में अफीम सप्लाई करते थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उपरोक्त अफीम तस्कर भूना से टोहाना सड़क पर मोटरसाइकिल पर सवार है। सूचना मिलते ही टीम इंचार्ज सब इंस्पेक्टर तरसेम सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने नाकेबंदी कर दी। चार घंटे इंतजार के बाद मोटरसाइकिल सवार इन तीनों तस्करों को पुलिस ने दबोच लिया। उनकी तलाशी लेने पर 2 किलो 35 ग्राम अफीम बरामद हुई। भूना थाने में इनके खिलाफ नशीला पदार्थ अधिनियम एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।