फतेहाबाद में लूट का प्रयास करने के आरोप में पकड़े गए आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
फतेहाबाद। शहर के रतिया रोड ओवर ब्रिज के पास हथियार लेकर राहगीरों को लूटने का प्रयास करते हुए पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है जबकि दो मौके से फरार हो गए। पकड़े गए युवकों की पहचान पवन उर्फ गंजा निवासी वाल्मिकी चौक बगीची मोहल्ला, अभिलाष उर्फ मुन्ना निवासी वाल्मिकी चौक फतेहाबाद व साहिल उर्फ सुखा निवासी शक्ति नगर फतेहाबाद के रूप में हुई है। इसके अलावा फरार हुए युवकों की पहचान वाल्मिकी चौक निवासी काली व गदर के रूप में हुई है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, यहां से इन्हें हिसार जेल भेज दिया है। मामले के मुताबिक गुरुनानक पुरा पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई जुगलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी तो उसे सूचना मिली कि हिसार-सिरसा बाईपास रोड ओवर ब्रिज के नीचे पांच युवक बैठे हैं और आने-जाने वाले लोगों को लूटने का प्रयास कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक युवक ने बैटरी से गाड़ी को रोकने का इशारा किया। जब गाड़ी पुलिस को देखा तो पांचों युवक भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने मौके से तीन युवकों को काबू कर लिया, जबकि दो युवक भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने आरोपियों को कब्जे से वारदात में प्रयोग किए जाने वाले हथियार, लोहे की रॉड, कापा व पाइप बरामद किया है।