भूना। पेट्रोल पंप के कारिंदे से तीन लाख दस हजार रुपये की लूट मामले में सीआईए फतेहाबाद ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए युवकों की पहचान टोहाना निवासी दीपक व भूना निवासी प्रदीप तथा दीपक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया और दो दिन के रिमांड पर लिया है।
बता दें कि 20 सितंबर को पंप का कारिंदे हरदयाल सिंह पैसों का थैला लेकर मोटरसाइकिल से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में जमा करवाने जा रहा था। उकलाना रोड पर शहीद चंद्रशेखर पार्क के पास नकाबपोश दो युवकों ने पिस्तौल के बल पर थैला छीन लिया था और शर्मा अस्पताल वाली गली से होते हुए फरार हो गए थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने एक टीम का गठन किया था। इसमें डीएसपी जुगल किशोरके नेतृत्व में सीआईए इंचार्ज निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एएसआई प्रदीप कुमार, राजेश कुमार, गोविंद, सिपाही पूनीत, कमल व सतीश कुमार शामिल थे। डीएसपी ने बताया कि वारदात में शामिल भूना का एक युवक अभी फरार है, जिसे जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।