गांव बड़ोपल में बुधवार दोपहर को सब्जियों से भरा थ्री-व्हीलर भाखड़ा नहर में गिर गया। घटना के बाद से नाबालिग ड्राइवर भी लापता है और उसका मोबाइल बंद आ रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले के मुताबिक गांव बड़ोपल निवासी 15 वर्षीय भगवान दास थ्री व्हीलर पर आसपास के क्षेत्र में सब्जियां बेचने का काम करता है। बुधवार दोपहर को ग्रामीणों ने उसका थ्री व्हीलर बड़ोपल से तीन किलोमीटर दूर भाखड़ा नहर में किनारे पर गिरा देखा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके अलावा सूचना के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक उसका मोबाइल बंद आ रहा है। वहीं माना जा रहा है कि संतुलन बिगड़ने से थ्री-व्हीलर नहर में गिरा है।