भूना। जलभराव की स्थिति से राहत मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर नुकसान के आकलन को लेकर सोमवार से सर्वे टीमें शहर में उतार दी गई हैं। डीसी जगदीश शर्मा की ओर से एडीसी अजय चोपड़ा के नेतृत्व में गठित तीन टीमें जलभराव से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करेंगी। सोमवार को तीनों टीमों ने 300 दुकानों का सर्वे कर नुकसान का आकलन किया है।
बता दें कि हरियाणा सरकार ने भूना में आई बाढ़ के कारण हुए नुकसान की 15 दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी है। सोमवार को एडीसी अजय चोपड़ा की देखरेख में मार्केट कमेटी के सचिव, नायब तहसीलदार, नगरपालिका के सचिव व जेई, खंड कृषि अधिकारी तथा एडीसी कार्यालय के कई लोगों को सर्वे कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एडीसी ने सर्वे टीम को गाइडलाइन जारी करते हुए कहा कि निष्पक्ष रूप से जलभराव से प्रभावित लोगों की सर्वे रिपोर्ट तैयार करनी है। अगर सर्वे रिपोर्ट में किसी भी प्रकार का पक्षपात या भेदभाव हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इन क्षेत्रों में दुकानों का हुआ सर्वे
सर्वे टीम ने शहीद भगत सिंह पार्क से लेकर उकलाना रोड पर नया बाजार, अनाज मंडी, सब्जी मंडी, हिसार रोड व अनाज मंडी के पीछे के एरिया में करीब तीन सौ दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों पर जाकर सर्वे किया। दुकानदारों ने बाढ़ के बाद के मंजर को दिखाते हुए जल्द मुआवजा दिलाने की गुहार भी लगाई।
दो स्कूल खुले, प्राइमरी रहे बंद
शहर में सोमवार को जलभराव से राहत मिलने के बाद राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की चहल-पहल शुरू हो गई। लेकिन पांच राजकीय प्राथमिक स्कूल बंद रहे। बीईओ जगदीश सेवदा ने बताया कि जलभराव के बाद प्रभावित परिवारों को स्कूलों में शिफ्ट कर दिया था। इसलिए अधिकतर परिवार प्राइमरी स्कूलों में शरण लिए हुए हैं। बुधवार से प्राइमरी स्कूलों में भी पढ़ाई शुरू हो जाएगी। वहीं, भूना के निजी स्कूल भी खुल चुके हैं, लेकिन मॉडल टाउन एरिया में पानी भरा होने के कारण शांति निकेतन स्कूल व सनराइज स्कूल नहीं खुल पाए हैं।
बीडीपीओ व उप तहसील तथा बीईओ ऑफिस का रिकॉर्ड हुआ खराब
शहर में उप तहसील, बीडीपीओ कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नगर पालिका, द फतेहाबाद कोऑपरेटिव बैंक, मिनी बैंक व पटवार भवन कार्यालय में 5 फुट से अधिक जलभराव होने के कारण इन सरकारी कार्यालयों का फर्नीचर रिकॉर्ड तथा इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर इत्यादि सामान बर्बाद हो गया है। अधिकारियों ने रिकॉर्ड को धूप में सुखाने के लिए प्रयास भी किए मगर पानी की वजह से कागज गल गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा नुकसान बीडीपीओ कार्यालय व डीईओ कार्यालय तथा उप तहसील कार्यालय में हुआ है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी बलजीत चहल ने सोमवार को बीडीपीओ ऑफिस का निरीक्षण भी किया। मगर पानी में महत्वपूर्ण दस्तावेज अलमारी में भी बिल्कुल खराब पाए गए।
चिकित्सा टीम ने जांचा स्वास्थ्य
शहर में जलभराव से सोमवार को कुछेक एरिया को छोड़कर बाकी जगह राहत मिल गई है। अब जलभराव प्रभावित एरिया में बीमारियां बढ़ने की संभावनाओं को लेकर चिकित्सकों की टीम ने सोमवार को करीब 700 घरों में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें बीमारियों से बचने के लिए जागरूक किया। डॉ. पारुल भुक्कल व जिला रेडक्रॉस सोसायटी की टीआई प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष सेवदा, स्वास्थ्य कर्मी संदीप शर्मा और रेडक्रॉस सोसायटी के वॉलंटियर्स ने 700 से अधिक घरों पर जाकर करीब दो हजार लोगों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इस दौरान लोगों में खांसी, जुकाम, उल्टी, दस्त आदि की जानकारी ली गई और 70 लोगों के खून के सैंपल लिए गए हैं।
25 सितंबर को पांच वार्डों में था छह फुट तक पानी
प्रशासन द्वारा भूना के जलभराव के लिए बनाए गए ड्राफ्ट के अनुसार 25 सितंबर को भूना के वार्ड नंबर 10, 12, 13, व 14 में तीन से पांच फुट तक भर गया था। इस क्षेत्र में हिसार रोड, आदर्श कॉलोनी, श्याम कॉलोनी, मॉडल टाउन, शिव नगर, चंदन नगर आदि क्षेत्र आते हैं। वहीं वार्ड 7, 8 व 15 तथा अनाज मंडी में डेढ़ से तीन फुट तक पानी आंका गया था। वार्ड 11 व इसके साथ लगते क्षेत्रों में एक से डेढ़ फुट तक पानी था। दो अक्तूबर को आई प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार, अब केवल चंदन नगर, श्याम कॉलोनी व वार्ड 10 के कुछ हिस्से में पांच इंच से एक फुट तक पानी रह गया है। बाढ़ प्रभावित अन्य क्षेत्रों से पानी लगभग निकाल दिया गया है।
भूना में लगभग जलभराव खत्म कर दिया गया है। शहर में नुकसान का सर्वे आरंभ कर दिया गया है। तीन टीमें दुकानों का सर्वे करने में लगी है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट तैयार करके डीसी के माध्यम से सरकार के पास भेज दी जाएगी।
-अजय चोपड़ा, एडीसी, फतेहाबाद
25 सितंबर को भूना में जलभराव का प्रशासन द्वारा बनाया गया नक्शा।- फोटो : Fatehabad
भूना में मलेरिया व डेंगू की बीमारियों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव करते स्वास्थ्य विभाग के कर्मच- फोटो : Fatehabad
जलभराव प्रभावित दुकानों में नुकसान को लेकर सर्वे करते टीम के सदस्य।- फोटो : Fatehabad
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में जल भराव से खराब हुआ पड़ा रिकॉर्ड।- फोटो : Fatehabad