भूना। वाल्मीकि मोहल्ले में बुधवार रात्रि को शराब ठेकेदार अमरजीत के घर पर जानलेवा हमला करने के आरोपी बच्ची गैंग के सरगना व गुर्गों की तलाश को लेकर पुलिस की तीन टीमों ने हरियाणा व पंजाब में कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी वीरवार शाम को भूना पहुंची और फायरिंग मामले को लेकर हर पहलुओं पर एएसपी सृष्टि गुप्ता के साथ बातचीत की।
एसपी ने इस दौरान शहर के प्रमुख व्यापारियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के आपराधिक तत्वों से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस जनता के साथ है, इसलिए कोई भी व्यक्ति व्यापारियों या दुकानदारों से हफ्ता वसूली या फ्री में सामान लेने के लिए धमकी देता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके उन्हें सलाखों के पीछे भेजेगी। एसपी ने व्यापारियों को भयमुक्त होकर व्यापार करने और दहशत से बाहर निकल कर ऐसे गुंडागर्दी करने वालों का सामना करने के लिए प्रेरित किया। एसपी ने व्यापारियों एवं दुकानदारों के साथ आपसी तालमेल के लिए एएसपी सृष्टि गुप्ता को अनाज मंडी व अन्य स्थानों पर संयुक्त बैठक करने के लिए भी मार्गदर्शन दिया।
हमलावर हुए भूमिगत
वाल्मीकि मोहल्ला के वार्ड नंबर 4 में ठेकेदार अमरजीत के घर पर बुधवार रात को फायरिंग मामले में एएसपी सृष्टि गुप्ता के नेतृत्व में बच्ची गैंग के सरगना सोनू उर्फ बच्ची व उसके तीन साथियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है। इनमें सीआईए फतेहाबाद व टोहाना तथा भूना पुलिस ने वीरवार व शुक्रवार को बरवाला, जीरकपुर, टोहाना, पतड़ा, संगरूर, हांसी व जींद आदि गैंगवार के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। परंतु पुलिस को अभी हमलावरों को काबू करने में सफलता नहीं मिल पाई है। इसके अतिरिक्त साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंचने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।