फतेहाबाद में चाकू से किए गए हमले में घायल छात्र।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। सिरसा रोड पर गांव अकांवाली में ओवरब्रिज के पास बस में लड़कियों पर कमेंट करने से रोकने पर युवकों ने आईटीआई के तीन छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। एक छात्र की गर्दन पर चाकू से हमला किया गया। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मामले में सदर पुलिस ने छात्र रितिक की शिकायत पर आरोपी गांव सरवरपुर निवासी साहिल, कृष्ण व एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले के मुताबिक गांव कुकड़ावाली निवासी छात्र रितिक ने बताया कि वह बस में गांव से फतेहाबाद आ रहे थे और वह आईटीआई भोड़िया खेड़ा के छात्र है। बस में कुछ युवकों ने लड़कियों पर गलत कमेंट करने शुरू कर दिए। जब उसने विरोध किया तो युवकों ने गांव अकांवाली के पास बस को रुकवा लिया और झगड़ा शुरू कर दिया। युवकों ने बस से नीचे उतारकर चाकू से हमला कर दिया। युवकों ने उसकी गर्दन पर भी चाकू से चोट मारी। बीच बचाव करने आए उसके साथी पंकज और होशियार को भी चोट मारी गई।
कोट
मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि बस में सवार तीन युवक लड़कियों पर गलत कमेंट कर रहे थे, रोका तो हमला कर दिया गया।
-रूपेश चौधरी, सदर थाना प्रभारी।