पूर्णचंद्र कबाड़ी की दुकान पर हमला करने वाले तीन आरोपियों को काबू करके मेडिकल करवाने के लिए ले ज
भूना। टोहाना रोड पर पूर्णचंद कबाड़ी की दुकान पर हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनू व विकास उर्फ विक्की तथा रामशरण को पुलिस ने काबू किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्ण चंद कबाड़ी की दुकान पर हमला करने की बात को कबूल किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों से 1500 रुपये भी बरामद किए हैं। कबाड़ी पर हमले के दौरान कैश काउंटर से 12 हजार आरोपियों ने निकाले थे।
पुलिस के मुताबिक हमलावरों को सोमवार को न्यायालय में पेश करके न्यायिक हिरासत में हिसार भेजा जाएगा। बता दें कि 17 मई की दिनदहाड़े टोहाना रोड पर कबाड़ी पूर्णचंद की दुकान पर लाठी-डंडे लहराते हुए आठ से अधिक हमलावरों ने कबाड़ी पूर्णचंद व उसके बेटे सोनू पर हमला कर दिया था। हमलावरों ने दुकान में पत्थरबाजी व लाठियों से पूर्ण चंद को गंभीर चोटें पहुंचाई थी।
घटना के बाद हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। पुलिस की जांच में मोनू हमले का मास्टरमाइंड था। विकास उर्फ विक्की पुत्र बनी सिंह व रामशरण पुत्र मोनू निवासीयान वार्ड नंबर 2 के अतिरिक्त 6 अन्य शामिल थे। पुलिस ने रविवार को तीन हमलावरों को काबू कर लिया है। आरोपियों के पास से लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं। पूर्ण चंद कबाड़ी की दुकान से लूटे गए 12 हजार की राशि में से इन तीन हमलावरों ने छह हजार रुपये रखे थे, जिनमें से 4500 रुपये उक्त तीनों ही आरोपियों ने खर्च कर दिए। पुलिस ने उनके पास बचे हुए 15 सौ रुपये बरामद कर लिए हैं और दूसरे आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मुख्य आरोपी मोनू बोला, पिता का अपमान करने पर किया हमला
कबाड़ी पूर्णचंद की दुकान पर हमले के मास्टरमाइंड मोनू ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया है कि 16 मई को कबाड़ी की दुकान पर मैं और मेरा पिता वाशिंग मशीन कबाड़ में बेचने आए थे। पूर्णचंद ने उपरोक्त वाशिंग मशीन लेने से इन्कार कर दिया और मेरे सामने मेरे पिता का अपमान किया। इसका बदला लेने के इरादे से दोस्तों संग मिलकर कबाड़ी की दुकान पर लाठी-डंडों से लैस होकर गए थे। मौका पाते ही दुकानदार पर हमला कर दिया था।
सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह ढुल के नेतृत्व की टीम ने रविवार को कबाड़ी पूर्णचंद की दुकान पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी मोनू व विकास उर्फ विक्की तथा रामशरण को काबू कर लिया है। जिनसे लाठी-डंडे व 1500 रुपये बरामद किए गए। पुलिस दूसरे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।