फतेहाबाद। गांव हिजरावां कलां में शुक्रवार देर रात को को चोरों ने एक साथ तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर तीनों दुकानों से हजारों रुपये की नगदी, सामान आदि चोरी करके ले गए। इसके अलावा एक दुकान से सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी चोरी कर ली। मामले में पुलिस ने आरोपी चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दुकानदारों का आरोप है कि चोर दिन में रेकी करते हैं और फिर रात को वारदात को अंजाम देते हैं।
पुलिस को दी शिकायत में हिजरावां कलां निवासी सतीश ने बताया कि गांव के बस स्टैंड के पास उनकी दुकानें हैं। रात करीब 1 बजकर 55 मिनट पर चोर उनकी दुकान में घुसे। यहां एलईडी स्क्रीन, बीड़ी के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें, सरसों तेल की बोतलें व करीब 7800 रुपये की नकदी चुराकर ले गए। इसके बाद चोर रामस्वरूप की दुकान वर्मा स्पेयर पार्ट्स की दुकान में घुसे और वहां से डीवीआर, मोबिल के पांच डिब्बे, 16 हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गए। चोरों ने इसके बाद होशियार सिंह की नीरल वैरायटी स्टोर से दालें, कोल्डड्रिंक्स, तेल की बोतलें व 4800 रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने पहले यहां रेकी की है और फिर मुंह पर कपड़े बांधकर बाइक पर आकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस को शिकायत दी गयी है, पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।