जाखल में चोरों द्वारा तोड़ा गया कार का शीशा दिखाते कार मालिक।
जाखल। जाखल में रविवार रात को चोरों ने दो कारों के शीशे तोड़ डाले जबकि एक कार चोरी करके ले गए। मॉडल टाउन निवासी राजेश ने बताया कि रविवार रात उन्होंने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। मगर सोमवार सुबह कार गायब मिली। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी। वहीं, मास्टर कॉलोनी निवासी बिट्टू डोरा ने बताया कि रविवार रात उनकी कार के शीशे तोड़े गए। सेंसर खोलकर चोरों ने कार चुराने का प्रयास किया। मगर कार चोरी करने में सफल नहीं हो सके। इसके अलावा माॅडल टाउन में ही ताऊ देवीलाल पार्क के पास रहने वाले संदीप कुमार ने बताया उनकी कार भी घर के बाहर ही खड़ी थी। रात करीब 2 बजे चोरों ने उनकी कार चुराने का प्रयास किया, लेकिन पड़ोसियों के शोर मचाने पर चोर भाग गए। बाद में उन्होंने घर के अंदर कार खड़ी की।
नागरिकों ने पुलिस से की चौकसी बढ़ाने की मांग
आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दीपक सिंगला, आशीष बंसल, पूर्व सरपंच सुरेंद्र मितल, रिंकू सिंगला, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन जोगिंद्र पाल गर्ग, सुरेश बंसल, शंकर लाल गर्ग व इनेलो नेता सुरेश गर्ग ने पुलिस प्रशासन से रात्रि में गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि लोगों की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
रात्रि में गश्त करने वाली पुलिस टीम को और चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस कार चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।
- रणजीत सिंह, प्रभारी, जाखल थाना