गांव गाजुवाला में बारिश से हुए जलभराव से खराब हुई नरमे की फसलों को दिखाते किसान।
समैन। गांव गाजूवाला के खेतों में बारिश के बाद से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इस कारण 200 एकड़ से अधिक फसल खराब होने की आशंका गहरा गई है। प्रभावित फसलों में धान, नरमा, बाजरा और ज्वार शामिल हैं। किसानों ने बताया कि उनके खेतों में अभी भी 3 से 4 फीट तक पानी जमा हुआ है। इससे फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं और सड़ने का खतरा बना हुआ है। किसानों का कहना है कि बारिश के साथ-साथ आस-पास के गांवों का पानी भी उनके खेतों में आ गया, जिससे जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई। किसान शीशपाल, ऋषिपाल, जीवन, देवेंद्र, कुलदीप, संजय, बलवंत आदि ने बताया कि लगातार बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। किसान सुरेंद्र और अर्जुन नंबरदार ने कहा कि खेतों में अब भी काफी पानी भरा है। किसानों का कहना है कि अगर समय रहते जलनिकासी नहीं हुई तो पूरी फसल नष्ट हो जाएगी और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से अपील की कि खेतों से जल्द से जल्द पानी निकालने के लिए जल्द कदम उठाए जाएं और फसल नुकसान का सर्वे करवा कर उचित मुआवजा दिया जाए।