फतेहाबाद। प्रेम विवाह के लिए परिवार के सदस्यों से रजामंदी नहीं मिलने से नाराज युवक और युवती ने होटल में जहरीला पदार्थ खा लिया। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान सिरसा के भूंभर निवासी युवती नीलम की मौत हो गई।
सिरसा के गांव कालूआना निवासी पवन कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने युवक पवन के पिता ओमप्रकाश के बयान पर लड़की की मां परमजीत, युवती के रिश्तेदारी में भाई गुरजीत और युवक की भाभी परमजीत के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया है। शहर के हिसार रोड स्थित अरोमा होटल के केबिन में युवक और युवती की हालत बिगड़ गई थी। युवक और युवती ने चाय का ऑर्डर दिया था।
जब वेटर लेकर गया तो बेसुध हालत में मिले थे। होटल संचालक ने दोनों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में पहुंचाया था। बताया जा रहा है कि दोनों ने किसी जहरीले पदार्थ खा लिया था, जिससे तबीयत बिगड़ी। बुधवार सुबह उपचार के दौरान युवती नीलम ने दम तोड़ दिया, जबकि युवक को रेफर कर दिया गया। युवक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस को दिए बयान में ओमप्रकाश ने बताया कि उसका बेटा पवन सिरसा में मोटर गैरेज पर काम करता है। उसके बड़े बेटे मांगेराम की शादी गांव भंभूर में परमजीत के साथ हुई है, जहां पर पुत्रवधू परमजीत की चाचा की लड़की नीलम से बेटे पवन कुमार की जान-पहचान हो गई और दोनों शादी करना चाहते थे। इसको लेकर नीलम के पिता शादी के लिए तैयार हो गए, लेकिन उक्त तीनों आरोपी तैयार नहीं हुए। शादी न होने से तंग आकर नीलम और पवन ने जहरीला पदार्थ
खा लिया।कोट
युवती की मौत मामले में युवक के पिता के बयान पर युवती की मां और भाई समेत तीन के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया गया है। युवक की हालत गंभीर है।
-महेंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी