फतेहाबाद। नगर परिषद अधिकारियों ने डोर टू डोर कचरा उठान को लेकर एजेंसी को आखिरकार वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। अब नगर परिषद के 27 वार्डों में एक मई से एजेंसी घर-घर से कचरा उठान का काम करेगी और मुख्य कचरा संग्रह स्थल पर पहुंचाएगी। नगर परिषद के कर्मचारी और गाडिय़ां कचरा लेने नहीं जाएंगी। एक मई से एजेंसी की जिम्मेदारी होगी।
घर-घर से कचरा उठान के लिए खुद गाडिय़ां लगाएंगी और कर्मचारी भी एजेंसी के ही होंगे। प्रत्येक वार्ड में एजेंसी की एक गाड़ी होगी। नगर परिषद की गाडिय़ां एजेंसी को दी जाएंगी। इसकी एवज में एजेंसी नगर परिषद को गाडिय़ों का भुगतान करेगा। नगर परिषद डोर-टू-डोर कचरा उठान के लिए एजेंसी को 1685 रुपये प्रति टन के हिसाब से भुगतान करेगा। नगर परिषद ने डोर-टू-डोर टेंडर को लेकर करीब डेढ़ साल पहले प्लानिंग बनाई थी। मंजूरी और टेंडर लगाने की प्रक्रिया में ही डेढ़ साल बीत गया।
रोजाना निकलता है 40 टन कचरा
नगर परिषद के 27 वार्डों से करीब 40 टन कचरा निकलता है। यानि रोजाना नगर परिषद एजेंसी को करीब 67 हजार रुपये का भुगतान करेगी। एजेंसी मुख्य कचरा संग्रह स्थल पर गीला और सूखा कचरा को भी अलग-अलग करेगी।
नई कॉलोनियों को होगा फायदा
नगर परिषद सीमा में शामिल हुई हंस कॉलोनी, स्वामी नगर, आदर्श कॉलोनी, आजाद नगर, हरनाम सिंह कॉलोनी, कालीदास कॉलोनी आदि को डोर-टू-डोर ठेके का फायदा होगा। नगर परिषद में शामिल होने के बावजूद यहां पर न तो सफाई हो रही है और न ही कचरा उठान हो रहा है। एजेंसी आने के बाद इन कॉलोनियों में से रोजाना कचरा उठान शुरू हो जाएगा।
कोट
नगर परिषद की तरफ से डोर-टू-डोर टेंडर के वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही एजेंसी काम शुरू कर देगी। वार्डों में कचरा उठान की समस्या खत्म हो जाएगी।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता
कोट
डोर-टू-डोर कचरा उठान के ठेके को लेकर एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। एक मई से एजेंसी सभी वार्डों में काम शुरू कर देगी। कचरा उठान को लेकर लोगों को अब समस्या नहीं होगी।
-राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद