फतेहाबाद। गांवों की छोटी सरकार के लिए शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। जिले में 18 जिला पार्षदों, 257 सरपंचों, 143 पंचायत समिति सदस्यों व 2597 पंचों सहित 3018 जनप्रतिनिधियों ने शपथ ली। अपने पैतृक गांव किरढ़ान में हिसार मंडल की आयुक्त गीता भारती ने सरपंच व 19 पंचों को शपथ दिलाई। वहीं, जिला पार्षदों को जिला परिषद कार्यालय में डीसी जगदीश शर्मा ने शपथ दिलाई। जनप्रतिनिधियों के शपथ लेने के साथ ही अब गांवों में ठप पड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी और समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ेगी।
गौरतलब है कि जिले में 18 जिला पार्षद, 143 पंचायत समिति सदस्य, 259 सरपंच व 2684 पंचों के पद हैं। दो गांवों में सरपंच के चुनाव नहीं हुए। वहीं, 84 पंच पदों पर कोई आवेदन नहीं आया। तीन पंच शपथ ग्रहण समारोह से नदारद रहे। वहीं जिला परिषद के अधिकांश सदस्यों ने अच्छे तरीके से शपथ ली। खासकर महिला पार्षदों ने बड़े जोश के साथ शपथ ली। हालांकि, वार्ड नंबर 10 के जिला पार्षद वकील राम शपथ लेते समय अटक गए। उनसे कई शब्द बोले नहीं गए। फिर डीसी ने सारे शब्द आगे-आगे बोले, उनके पीछे-पीछे वकील राम ने शब्दों को बोलकर अपनी शपथ पूरी की। वार्ड नंबर सात के जिला पार्षद रमेश गढ़वाल भी मामूली से अटके।
भट्टू में बिना सीएम का संबोधन सुनें एक साथ ही दिला दी शपथ
भट्टू मंडी में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री का संबोधन सुने बिना ही पंच व सरपंचों को एक साथ शपथ दिला दी गई। हालांकि, सरकार द्वारा सभी को अलग-अलग शपथ दिलाने के निर्देश दिए गए थे। दो-चार मिनट में ही कार्यक्रम खत्म कर दिया गया। सीएम और पंचायत मंत्री को वर्चुअल रूप से जुड़ना था, लेकिन यहां स्क्रीन ही नहीं लगाई गई। स्कूल प्रशासन को भी देरी से सूचना मिली। भट्टू मंडी के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. कुलदीप गौरी को नियुक्त किया था। करीब सवा 11 बजे सीएम ने संबोधन शुरू किया। भट्टू मंडी के सरकारी स्कूल में तो सीएम का संबोधन ही नहीं होने दिया गया। 11 बजे से पहले ही मामला निपटा दिया गया। स्कूल प्रिंसिपल रणदीप गोदारा ने बताया कि उन्हें संस्थान में किसी भी कार्यक्रम के होने की पहले कोई सूचना नहीं थी। उन्हें देर शाम को ही सूचना मिली। उन्हें तो जगह ही उपलब्ध करवानी थी, कार्यक्रम की जिम्मेदारी प्रशासन व पंचायत की थी। बीडीपीओ विनय प्रताप का कहना है कि कल स्कूलों में सूचनाएं दे दी गई थी। डीसी जगदीश चंद्र का कहना है कि इस मामले में जांच करवाई जाएगी।
भिरड़ाना के नवनिर्वाचित पंच-सरपंच नशा तस्करों की नहीं लेंगे जमानत
गांव भिरड़ाना के पंचायत घर में हुए कार्यक्रम में नवनिर्वाचित 20 पंचों और सरपंच परमजीत कौर ने शपथ ली। ग्राम संरक्षक डॉ. सुजाता बंसल ने सभी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इसके बाद गांव की राधा कृष्ण गोशाला समिति द्वारा जनप्रतिनिधि सम्मान कार्यक्रम हुआ। सरपंच परमजीत कौर की अध्यक्षता में सभी पंचों ने यह भी शपथ ली कि वह नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति की जमानत नहीं लेंगे। गांव में नशे को रोकने के लिए पंचायत कड़े कदम उठाएगी। कोई भी पंचायत सदस्य तस्करी में शामिल युवक की थाने या कोर्ट में किसी तरह की पैरवी नहीं करेंगे। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य जीतराम, पूर्व सरपंच तेजासिंह, गोशाला अध्यक्ष प्रेम सिगड़, पूर्णचंद बजाज, सतीश बिश्नोई, चंद्रप्रकाश गेरा, कृष्ण डेलू, बनवारी लाल, मलकीत सिंह, कालू प्रजापत, जसवंत चंदेल, भूपसिंह राईका, भीम बंसल, सीताराम शर्मा आदि मौजूद रहे।
शपथ लेने के साथ ही गांवों में यह होगा फायदा
पंचायतों के शपथ लेने के साथ ही अब ग्राम पंचायत का कार्यकाल शुरू हो गया है। इसी के साथ अब सरपंच गांवों के विकास की रूपरेखा तैयार करके अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। गांवों में जल निकासी से लेकर टूटी गलियों की समस्याओं का समाधान हो सकेगा। ग्राम सभा की बैठक बुलाकर सरपंच नए विकास कार्यों को मंजूरी दिलाने के प्रस्ताव तैयार करवा सकेंगे।
शपथ ग्रहण करने के बाद नशे के खिलाफ एकजुट हुई गांव भिरड़ाना की नवनिर्वाचित पंचायत।- फोटो : Fatehabad