भूना। भूना शहर में पिछले वर्ष सितंबर माह में बारिश के कारण जलभराव से हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार ने दूसरी किश्त में 10 करोड़ दो लाख 82 हजार रुपये की मुआवजा राशि जारी करके बड़ी राहत दी है। सरकार ने कस्बे के 2268 रिहायशी मकान व लगभग 240 कॉमर्शियल संपत्ति के नुकसान की कुल 15 करोड़ दो लाख 82 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है।
विधायक दुड़ाराम ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि जारी करने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। विधायक दुड़ाराम ने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर माह में भूना में बारिश के बाद जलभराव से नागरिकों का आवासीय और कॉमर्शियल नुकसान हो गया था। सरकार ने पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया था कि उनके नुकसान की भरपाई प्रदेश सरकार करेगी। नुकसान का कुल आंकलन 15 करोड़ दो लाख 82 हजार रुपये आंका गया था, जिसे सरकार ने अब दो किश्तों में जारी कर दिया है।
उन्होंने बताया कि भूना कस्बे के 2268 रिहायशी मकान व लगभग 240 कॉमर्शियल प्रॉपर्टी क्षतिग्रस्त हुई थी। प्रशासन ने रिहायशी मकानों के लिए 13 करोड़ 79 लाख 97 हजार रुपये तथा कॉमर्शियल प्रोपर्टी के लिए एक करोड़ 12 लाख 85 हजार रुपये का आंकलन भेजा था, जिस पर सरकार ने पूरा मुआवजा जारी करते हुए नागरिकों के लिए राहत पैकेज भेज दिया है।
व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान कैलाश बंसल, नंदलाल कंबोज, नगरपालिका वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी, श्याम लाल बंसल, पूर्व सरपंच सुरेश कंबोज, पूर्व सरपंच राजबीर दहिया, पूर्व पार्षद सोमनाथ इंदौरा, ईश्वर गर्ग, विपिन गर्ग, विक्रम शर्मा, ताहिर हुसैन खान आदि ने बताया कि जलभराव से हुए नुकसान का सरकार ने मुआवजा देकर जनता को राहत देने का काम किया है।