भूना। होली में हुड़दंग मचा रहे युवकों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उत्पाती युवकों ने डायल 112 टीम की दो गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने मामले में 9 नामजद समेत 50 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं हमले में घायल पुलिसकर्मियों को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार को वार्ड नंबर 5 की एक महिला ने डायल 112 पर फोन कर टोली में घूम रहे युवकों पर जबरदस्ती रंग लगाने और छेड़खानी करने की शिकायत दी। सूचना पर गाड़ी 126 नंबर के इंचार्ज जूनियर सब इंस्पेक्टर रणधीर सिंह और होमगार्ड सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। जैसे ही पुलिस कर्मचारी युवकों को समझाने के लिए गाड़ी से नीचे उतरे तो हुड़दंग मचा रहे युवकों ने ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। एक हमलावर ने पीछे से आकर जोरदार ईंट मारकर ईएसआई का सिर फोड़ दिया, जिससे दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दूसरी पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची तो उपद्रवियों ने उस पर भी ईंट पत्थरों से हमला कर दोनों ही गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस कर्मचारियों पर जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही डीएसपी जुगल किशोर व थानाध्यक्ष अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल लेकर पहुंचे, इस दौरान उपद्रवी मौके से फरार हो गए।
हमले में घायल जूनियर सब इंस्पेक्टर रणजीत सिंह कुंडू व होमगार्ड सुरेश कुमार को सीएचसी केंद्र में दाखिल करवाया। इनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने डायल 112 इंचार्ज घायल रणधीर सिंह कुंडू की शिकायत पर 9 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ उपद्रव मचाने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करके और सरकारी सामान छीन कर ले जाने आदि का मुकदमा दर्ज किया है। डीएसपी जुगल किशोर के मार्गदर्शन में थाना अध्यक्ष अनूप कुमार के नेतृत्व में सीआईए फतेहाबाद व रतिया तथा टोहाना के नेतृत्व में सर्च अभियान चलाकर पुलिस ने तीन हमलावरों को काबू कर लिया। जिनकी पहचान वाल्मीकि मोहल्ला निवासी संजय कुमार पुत्र रामचंद्र, सन्नी पुत्र बलराज व संदीप पुत्र इस्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
कोट
डायल 112 गाड़ी के इंचार्ज ईएसआई और एक होमगार्ड पर होली के दिन जानलेवा हमला किया गया, दो गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करने के साथ-साथ छीनाझपटी करने आदि के मामले में आरोपी सुनील व इसका भाई सन्नी, संदीप, राजू, आकाश, विक्रम, गुरुदेव, बज्जा, संजय शहीद 40/ 50 अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध घायल ईएसआई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीन हमलावरों को गिरफ्तार भी किया है।
-जुगल किशोर, डीएसपी, भूना