फतेहाबाद। मानसून में सीवरेज व्यवस्था ठप होने से शहर के पांच हिस्सों में तो हल्की बारिश में ही मेनहोल उफान मारने लगते हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलभराव के साथ-साथ जब मेनहोल का यह पानी मिक्स होकर आता है, तो परेशानी और बढ़ जाती है। बारिश का पानी तो निकल जाता है, लेकिन कीचड़युक्त सीवरेज का कचरा सड़कों पर फैला रहता है और इससे उठने वाली बदबू से यहां के दुकानदार व आवाजाही करने वाले लोग परेशान रहते हैं।
फतेहाबाद का पुराना क्षेत्र जिसमें चिल्ली वाला क्षेत्र, शिवनगर, भीमां बस्ती, लाजपत नगर आता है, यहां पर सीवरेज सिस्टम करीब 5 दशक पहले डाली गई थी। समय बीतता गया और आबादी बढ़ती गई, लेकिन सीवरेज प्रणाली आज भी वैसे की वैसी है। हालांकि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग यहां पर सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने में लगा रहता है, लेकिन बारिश के दिनों में हालात काफी खराब हो जाते हैं। सबसे अधिक समस्या जवाहर चौक व जाट धर्मशाला के पास स्थित पुराने डीएसपी हाउस के पास स्थित मेनहोल की है। हल्की बारिश होते ही यहां पर मेनहोल ओवरफ्लो हो जाते हैं। लोगों की परेशानी तब और ज्यादा बढ़ जाती है जब बारिश के पानी के साथ मिलकर सीवरेज का पानी भी सड़कों पर बहने लगता है। जिससे दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
यहां पर भी होती है दिक्कत
शहर के लाजपत पार्क, डीएसपी रोड, धर्मशाला रोड पर भी मेनहोल बारिश होते ही उफनने लगते हैं। यहां पर हालात काफी खराब रहते हैं, बारिश का पानी तो निकल जाता है, लेकिन मेनहोल लगातार ओवरफ्लो रहते हैं, जिससे लोग काफी परेशान रहते हैं।
बारिश के दिनों में सीवरेज की व्यवस्था के हालात बिगड़ जाते हैं। इसे ठीक करना संबंधित विभाग का काम है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को चाहिए कि वह शहर के मुख्य केंद्रों में सीवरेज की व्यवस्था को सुधारा जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
-नवीन कुमार, सुंदर नगर निवासी
बारिश के बाद ही जाट धर्मशाला के पास स्थित मेनहोल ओवरफ्लो हो जाता है। बारिश का पानी तो सड़क पर बहता ही है, साथ ही उसके साथ सीवरेज का गंदा पानी भी मिक्स होकर आने लगता है। जिस कारण बीघड़ मोड़ व जीटी रोड के दुकानदारों को बदबू से परेशान होना पड़ता है।
-लक्खा सिंह, दुकानदार
लाजपत पार्क के पास अक्सर बारिश के दिनों में मेनहोल ओवरफ्लो हो जाते हैं। बारिश का पानी तो जल्दी निकल जाता है, लेकिन इसके बाद भी सीवरेज ओवरफ्लो रहते हैं और यहां पर दुकानदारों व रेहड़ी चालकों को परेशानी होती है। साथ ही ग्राहक भी उनके पास आने से कतराते हैं।
-ललित कुमार, डीएसपी रोड निवासी
शहर के जिन हिस्सों में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या है, उसे ठीक करवाया जाएगा। मेरे संज्ञान में धर्मशाला रोड व जवाहर चौक के मेनहोल ही हैं। धर्मशाला रोड से अब पानी समय पर निकल रहा है और बारिश के दिनों में पानी की अधिक मात्रा के कारण सीवरेज ओवरफ्लो हो जाते हैं। इसका स्थायी समाधान किया जाएगा।
तरुण गर्ग, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी विभाग, फतेहाबाद।